फर्जी नंबर से 19.85 लाख की साइबर ठगी करने वाले तीन गिरफ्तार

 

राँची।अब साइबर अपराधियों ने ठगी का नया तरीका निकाल लिया है, जहां गूगल सर्च ही जाल का हिस्सा बन गया है। गैस कनेक्शन के लिए कस्टमर केयर नंबर खोजने वाले एक व्यक्ति को इसी भरोसे की कीमत 19.85 लाख रुपये गंवाकर चुकानी पड़ी। अपराध अनुसंधान विभाग के अधीन संचालित साइबर क्राइम थाना, राँची की टीम ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में हजारीबाग निवासी रवि कुमार साव, सूरज कुमार ठाकुर और सागर कुमार यादव शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने गूगल सर्च इंजन में फर्जी कस्टमर केयर नंबर अपलोड कर रखा था। जैसे ही पीड़ित ने गैस कनेक्शन के लिए नंबर सर्च किया, वह सीधे ठगों के जाल में फंस गया। इसके बाद व्हाट्सएप पर एक फर्जी लिंक भेजा गया। लिंक पर क्लिक करते ही खाते की पूरी जानकारी साइबर अपराधियों तक पहुंच गई और 19,85,073 रुपये की अवैध निकासी कर ली गई। साइबर क्राइम थाना,राँची की टीम ने तकनीकी विश्लेषण के जरिए पूरे नेटवर्क को ट्रेस किया और हजारीबाग पुलिस के सहयोग से तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने इनके पास से मोबाइल, सिम कार्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी बरामद किए हैं।

error: Content is protected !!