गिरिडीह:बेटी के ससुराल में विवाद खत्म कराने पहुंचे पिता की हत्या,ससुराल वाले बेटी को डायन बताकर प्रताड़ित कर रहे थे,हत्या के आरोपी माँ-बेटा गिरफ्तार

गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले के भेलवाघाटी में सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां बेटी के ससुराल में चल रहे पारिवारिक विवाद का निपटारा करने गए पिता की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप लड़की की सास और देवर पर लगा गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में इस्तेमाल किया गया डंडा बरामद कर लिया गया है। घटना बुधवार देर रात की है।

मिली जानकारी के अनुसार भेलवाघाटी के कोयरीडीह में रहने वाली सीमा मरांडी पर डायन-बिसाही का आरोप लगाकर ससुराल के लोग प्रताड़ित कर रहे थे। विवाद के समाधान के लिए गांव में बुधवार की शाम पंचायत बुलाई गई थी। इसमें भाग लेने के लिए सीमा के पिता मंगरा मरांडी,माँ बड़की बास्के बेटी के ससुराल आए हुए थे। इसी बीच पंचायत के दौरान ही दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। उसके बाद देवर छोटका सोरेन उर्फ अंकुश सोरेन तथा सास बड़की टुडू ने लड़की के मायके वालों पर हमला बोल दिया। लकड़ी के छोटे डंडे से वार किया गया। इसमें लड़की के पिता की मौत हो गई। वहीं माँ गंभीर रूप से घायल हो गई। माँ-बाप को बचाने की कोशिश में लड़की को भी चोट आई है।

वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम देर रात मौके पर पहुंची। सीमा के लिखित बयान के आधार पर हत्या के दोनों आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।पुलिस ने गुरुवार को माँ बेटा को जेल भेज दिया।वहीं शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।