ससुर ने परिजनों के साथ मिलकर दामाद की हत्या कर दी,पुलिस ने त्वरित कारवाई करते हुए ससुर सहित 3 आरोपी को किया गिरफ़्तार..

गुमला।झारखण्ड के गुमला शहरी क्षेत्र से सटे लेढा ठेसा टोंगरी के समीप से शुक्रवार की सुबह पुलिस ने एक व्यक्ति का शव बरामद किया,जिसकी शिनाख्त दुर्गा खड़िया के रूप में की गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं,तत्काल एसपी के निर्देश पर एक टीम का गठन किया गया। टीम ने छापामारी अभियान चलाया और मृतक के परिजनों सहित आसपास के लोगों से पूछताछ के उपरांत 5 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्याकांड में शामिल मृतक दुर्गा खड़िया के ससुर पैरु खड़िया, शिवा खड़िया और रंथु खड़िया को गिरफ्तार किया। शुक्रवार की शाम सवा 4 बजे गुमला थाना में प्रेस वार्ता का आयोजन कर एसडीपीओ मनीष चंद्र लाल ने पूरे मामले का खुलासा किया।

उन्होंने बताया कि मृतक दुर्गा खड़िया का अपनी पत्नी से झगड़ा झंझट चल रहा था और दुर्गा खड़िया ने दूसरी शादी कर लिया था। जिस कारण मृतक और आरोपी में विवाद चल रहा था।इसी विवाद में ससुर पैरु खड़िया एवं उनके परिवार वालों सहित पड़ोसी ने मिलकर हत्याकांड की घटना को अंजाम दिया। छापामारी टीम में एसडीपीओ के अलावा थाना प्रभारी मनोज कुमार पुअनी विवेक चौधरी, बुलेट गोराई, प्रेम सागर सिंह, सुदामा राम सहित पुलिस बल के जवान शामिल थे।

इधर मृतक की माँ पुटी देवी ने बताया कि गुरुवार की रात 11 बजे उसका बेटा दुर्गा खड़िया अपने घर में सोया हुआ था।उसी समय शिवा खड़िया, मगधा खड़िया, बिंदेश्वर उर्फ चाटू खड़िया, दिनेश उर्फ ढेमना खड़िया व अजीत खड़िया उर्फ टिकला सभी लोग उसके घर आये और उसके बेटे दुर्गा खड़िया को ठग कर घर से ले गये।गांव का लड़का लोग ले गया है।सो रात में वहीं सो गया होगा। यह सोचकर रात में खोजबीन नहीं की।शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों द्वारा पता चला कि खदान के बगल में उसके बेटे दुर्गा खड़िया की हत्या पत्थर से कूच कर दी गयी है।