ईंट भट्ठा व्यवसायी से पांच लाख लेवी वसूलने पहुंचा था अपराधी,पुलिस ने फ़िल्मी अंदाज में दबोचा…व्यवसायी बनकर पुलिस पदाधिकारी पैसा देने पहुँचे थे..
गुमला।झारखण्ड के गुमला जिले में लेवी मांगकर दहशत फैलाने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।गुमला के व्यवसायी मनीष कुमार को जान से मारने की धमकी देकर पांच लाख रुपये की लेवी मांगने वाले आरोपी को पुलिस ने फिल्मी अंदाज में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान लालदेश्वर यादव के रूप में हुई है, जो बालूमाथ थाना क्षेत्र के हाथडीह का निवासी है।
जानकारी के अनुसार, व्यवसायी मनीष कुमार को पिछले कुछ दिनों से लगातार अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल कर खुद को पीएलएफआइ संगठन का सदस्य बताने वाले अपराधियों द्वारा पांच लाख रुपये लेवी की मांग की जा रही थी। पैसे नहीं देने पर उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। इस घटना से पीड़ित परिवार भय के साये में जी रहा था.।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत रणनीति तैयार की।पुलिस ने शिकायत मिलते ही जाल बिछाया और आरोपी को पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित की।योजना के तहत आरोपी को लेवी की रकम लेने के लिए बुलाया गया। जैसे ही आरोपी पुग्गु बाइपास के पास लेवी का पैसा लेने पहुंचा।पहले से सादे लिबास में तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे चारों ओर से घेर कर धर दबोचा।गिरफ्तारी इतनी सटीक और तेज थी कि आरोपी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से कड़ी पूछताछ की।जिसमें कई अहम सुराग मिले हैं।पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, लालदेश्वर यादव के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी तरह के उग्रवादी या आपराधिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील किया है कि इस तरह की धमकियों से घबराएं नहीं।बल्कि तुरंत पुलिस को सूचना दें। ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।गुमला पुलिस की इस त्वरित और सटीक कार्रवाई ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि अपराधियों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है।

