छात्रा ने की खुदकुशी,पिता ने आठ के विरुद्ध मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की दर्ज कराई प्राथमिकी..
राँची।अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित आनंदपुरी चौक के पास रहने वाली छात्रा सृष्टि सिंह ने 15 फरवरी की अपने कमरे में दुपट्टे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। इस मामले में सृष्टि के पिता अमरेंद्र सिंह ने अरगोड़ा थाना में आठ के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी में बताया है कि उनकी बेटी अपने कमरे में 15 फरवरी की सुबह 10 बजे फंदे से लटकते मिली। इसके बाद अरगोड़ा थाना को इसकी सूचना दी। अमरेंद्र सिंह को पता चला कि उनकी बेटी ने राहत कुमार सिंह और सानिया सिंह के उकसावे में आकर खुदकुशी की। पुलिस को दर्ज प्राथमिकी में यह भी बताया है कि राहत कुमार सिंह पिछले चार पांच साल से उनकी पुत्री का शोषण कर रहा था। यह भी आरोप है कि हमेशा उनकी बेटी को धमकी देता था कि मेरे पिता बहुत बड़े आदमी है और मामा मुखिया है। हम जब चाहेंगे तुमको उठवा लेंगे और जान से मार देंगे। खुदकुशी से पहले भी 14 फरवरी की रात को राहत कुमार सिंह और सानिया सिंह ने कई बार फोन व मैसेज कर उसे धमकी दी। उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और खुदकुशी के लिए उकसाया। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है। पुलिस ने सृष्टि के कमरे से मिला एक मोबाइल फोन और एक नोट बुक को भी जब्त किया है। जिसके आधार पर सृष्टि के पिता ने खुदकुशी के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।