राँची के कांके थाना प्रभारी प्रकाश रजक को हटाया..थाना प्रभारी के खिलाफ कई शिकायतों के बाद एसएसपी ने की कार्रवाई
राँची।राजधानी राँची के कांके थाना प्रभारी प्रकाश रजक को हटा दिया गया।उन्हें राँची पुलिस केन्द्र भेज दिया गया है। यह कार्रवाई लगातार मिल रही शिकायतों और क्षेत्र में बढ़ते अपराध के मामलों को देखते हुए की गई। राँची के एसएसपी राकेश रंजन ने जांच के बाद यह सख्त कदम उठाया है। मालूम हो कि पिछले कुछ समय से कांके थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर प्रकाश रजक के खिलाफ कई गंभीर आरोप लग रहे थे। उन पर जमीन कारोबारी/दलालों से साठगांठ कर गलत तरीके से लाभ पहुंचाने का आरोप था। स्थानीय लोगों और पीड़ितों द्वारा इसकी लगातार शिकायत की जा रही थी। इसी बीच थाना क्षेत्र में अपराध की घटनाएं भी बढ़ती जा रही थीं। हाल ही में सुकुरहुट्टू गांव में अपराधियों ने एक व्यक्ति की हत्या और एक घर में घुसकर फायरिंग की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। इसके अगले ही दिन बोड़ेया स्थित राजकीयकृत उच्च विद्यालय में चोरी और तोड़फोड़ की घटना सामने आई। इन घटनाओं ने कांके पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए। मामला तब और गंभीर हो गया जब एक आदिवासी महिला ने थानेदार के खिलाफ झारखण्ड हाईकोर्ट में क्रिमिनल रिट याचिका दायर कर दी। महिला ने न्याय की मांग करते हुए थानेदार पर गंभीर आरोप लगाए।

