राँची के सेल सिटी में एक फ्लैट में लगी भीषण आग,बच्चों की समझदारी से टला बड़ा हादसा,फ्लैट में फंसी महिलाओं को जेसीबी से निकाला…
राँची।राजधानी राँची के पुंदाग इलाके में सेल सिटी सोसाइटी में मंगलवार दोपहर एक फ्लैट में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया।इस आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और फ्लैट में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि, फ्लैट में मौजूद दो छोटे बच्चों की सूझबूझ और गार्ड की तत्परता से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
घटना ई 1- ब्लाक के प्रथम तल की है। फ्लैट मालिक उस समय घर पर नहीं थे और अंदर केवल उनके दो छोटे बच्चे मौजूद थे।एक कमरे में शॉर्ट सर्किट के कारण धुआं उठते ही दोनों बच्चे तुरंत बाहर निकलकर नीचे गार्ड के पास पहुंचे और घटना की जानकारी दी। गार्ड ने तुरंत मेंटेनेंस विभाग को सूचित किया, जिससे राहत कार्य शुरू हो सका।जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक फ्लैट पूरी तरह आग की चपेट में आ चुका था। सोसाइटी की मेंटेनेंस देख रही कंपनी केडीएल के कर्मचारी, गार्ड और स्थानीय लोग मिलकर बिल्डिंग में लगे अग्निशमन यंत्रों से आग बुझाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक घर का अधिकांश सामान जल चुका था।
आग की लपटें सामने वाले फ्लैट तक पहुंच गईं, जहां दो महिलाएं अंदर फंस गईं। स्थिति गंभीर होने पर केडीएल की ओर से जेसीबी मशीन मंगाकर दोनों महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया।आग बुझाने के दौरान केडीएल के जीएम संजीव सिंह अंदर घुसकर छोटे अग्निशमन यंत्र से आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे थे, तभी अचानक एलपीजी सिलेंडर फट गया।इस हादसे में उन्हें चोट आई, हालांकि वे सुरक्षित हैं। सिलेंडर ब्लास्ट के बाद आग और भड़क उठी, जिसे बाद में पाइपलाइन सिस्टम से काबू में लाया गया।
घटना की सूचना अग्निशमन विभाग को दे दी गई थी, लेकिन दमकल की गाड़ी तब पहुंची, जब आग पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा चुका था। हालांकि, गेल की एक छोटी फायर ब्रिगेड टीम पहले पहुंची, लेकिन उसकी क्षमता सीमित थी।
गनीमत रही कि फ्लैट में लकड़ी की फिटिंग नहीं थी और बालकनी खुली थी, जिससे आग फैलने की गति कुछ कम रही।यदि ऐसा नहीं होता, तो नुकसान और भी बड़ा हो सकता था। घटना के बाद सोसाइटी में सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन तैयारियों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

