पिता के सामने बेटे की हत्या से सदमे में पिता…गृह प्रवेश कार्यक्रम में हुआ विवाद,बाहर बुलाया और चढ़ा दी थार…पुलिस ने आरोपी अतुल को आज भेजा जेल,दूसरे की तलाश जारी..

झारखण्ड न्यूज exclusive

राँची।राजधानी राँची के चुटिया थाना क्षेत्र के साउथ रेलवे कॉलोनी में दुर्गा मंदिर के पास धर्मेंद्र कुमार नामक युवक को थार गाड़ी से कुचल कर मार डालने का एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम मृतक के जिगरी दोस्त ने ही दिया है।वहीं धर्मेंद्र को थार गाड़ी से कुचलने के बाद बिहार भाग रहे आरोपी को हजारीबाग के बरही से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी दोस्त अतुल चड्डा उर्फ आयुष कुमार (32 साल) को आज शुक्रवार को चुटिया पुलिस ने कोर्ट में प्रस्तुत किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।वहीं अतुल के साथ घटना के समय थार गाड़ी में मौजूद एक और आरोपी विकास की तलाश में पुलिस जुटी है।आरोपी अतुल होटल व्यवसाय से भी जुड़ा है।वह चुटिया थाना क्षेत्र स्थित अमरावती कॉलोनी में रहते हैं।      

थार गाड़ी,बरही में पकड़ाया

गिरफ्तार आरोपी अतुल,जिसे आज जेल भेजा

जमीन खरीद बिक्री में हुए मुनाफ़े का पैसा मांगा,नहीं दी तो ले ली जान..

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार,जमीन खरीद बिक्री में हुए कमाई के पैसों को लेकर विवाद के बाद दो दोस्तों में दुश्मनी इस कदर बढ़ा कि एक दोस्त ने दूसरे दोस्त का कत्ल कर मुहल्ले में सनसनी फैला दी।धर्मेंद्र हत्या के आरोपी अतुल ने पुलिस पूछताछ में बताया कि जमीन कारोबार में हुए मुनाफे का सारा पैसा धर्मेंद्र रख लिया था।जब भी उससे पैसों की मांग करता गाली गलौज करने लगता था।कई बार पैसों की मांग किया लेकिन पैसा देने के बजाय धमकी देता था।बताया जाता है कि घटना के दिन जब आरोपी गृह प्रवेश में गए तो वहां धर्मेंद्र से मुलाकात हो गई।वहां विवाद होने के बाद धमकी दिया आओ बाहर देखते हैं।उसके बाद अतुल बाहर आ गया।कुछ देर बाद जब धर्मेंद्र बाहर आकर सड़क पर आया तो उसी दौरान थार गाड़ी से धर्मेंद्र को धक्का मार दिया।जिससे धर्मेंद्र की मौत हो गई।पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने दोस्त के साथ पूरी प्लांनिग के साथ इस घटना को अंजाम दिया।पुलिस की माने तो आरोपी एक साथ कई मामले का बदला लेने के फिराक में उस दिन था।धर्मेंद्र की हत्या करने का प्लान पहले से तैयार था।गाड़ी से कुचलना या फिर अन्य तरीके से हत्या की साजिश पहले ही रची गई थी।पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी है। सूत्रों से जानकारी मिली है कि घटना के समय हथियार भी रखा था।पुलिस को आशंका है कि भागने के दौरान हथियार दूसरे साथी को दे दिया।हालांकि गिरफ्तार आरोपी ने हथियार के सम्बंध में कुछ नहीं बताया और हथियार रखने से इनकार कर दिया।

मृतक धर्मेंद्र का फाइल फोटो

धर्मेंद्र के पिता ने कहा-आंखों के सामने बेटे की कर दी हत्या..

इधर मृतक के पिता रिटायर्ड दरोगा रामाश्रय शर्मा ने चुटिया थाने में हत्या का आरोप लगाते हुए अतुल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।दर्ज प्राथमिकी में बताया कि वे 1995 से 2010 तक अमरावती कालोनी चुटिया स्थित गुरुचरण सिंह के मकान में किराये पर सपरिवार रहता था। उसी क्रम में मेरा बड़ा लड़का धर्मेन्द्र कुमार का अतुल चड्डा पिता स्व.मनोज कुमार सिंह उर्फ मनोज चड्डा मोहल्ला अमरावती,चुटिया राँची से दोस्ती हो गई थी। वर्ष 2018 में किराये का मकान छोड़कर अपना मकान रिभर भ्यू कॉलोनी, जोजोबासा हटिया में सपरिवार रह रहे है।बताया कि हटिया में रहने के दौरान अतुल चड्डा बराबर मेरे घर पर बड़ा लड़का धर्मेन्द्र कुमार से मिलने आया करता था तथा बराबर अपने लड़के को मोबाईल से बातचीत करते देखा एवं सुना करता था। मेरा बेटा धर्मेन्द्र कुमार जमीन का कारोबार एवं किराना स्टोर चलाकर कर अपना जीवन यापन करता था।मृतक के पिता ने बताया कि इसी बीच अतुल चड्‌डा का होटल का कारोबार ठीक से नहीं चलने पर मेरा बेटा के साथ मिलकर जमीन का कारोबार करने लगा था। कुछ सालों तक जमीन का कारोबार ठीक ठाक चला और पैसा बंटवारा को लेकर दोनों के बीच में कुछ समय से विवाद होने लगा था। करीब एक माह पहले मेरा लड़का धर्मेन्द्र कुमार का सतरंजी, तुपुदाना स्थित किराना दुकान एवं घर पर आकर अतुल चड्‌डा जमीन का पैसा का लेन-देन को लेकर विवाद किया था तथा घर आते जाते समय रास्ते में मिलने पर जमीन का बकाया पैसा को लेकर हमेशा लड़ाई झगड़ा करने के लिए आवेश में आ जाता था। हमें बाद में जानकारी हुई कि अतुल चड्डा एक अपराधिक किस्म का व्यक्ति है एवं कई बार अन्य कांडों में जेल भी जा चुका है।बताया कि करीब दस पन्द्रह दिन पहले मेरा लड़का धर्मेन्द्र कुमार को अतुल चड्‌डा के द्वारा धमकी दिया गया था कि जमीन का बकाया पैसा नहीं देने पर तुमको जान से मार देगे।

जहां रात में हुई थी घटना..घटना स्थल

11 फरवरी को मुनचुन सिंह, मोहल्ला अमरावती चुटिया के गृह प्रवेश के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मैं अपना बड़ा लड़का धर्मेन्द्र कुमार के साथ आया था। अतुल चड्डा भी उस कार्यक्रम में अपने एक दोस्त (विकास) के साथ काला रंग के थार गाड़ी से आया हुआ था। मेरा लड़का धर्मेन्द्र कुमार एवं अतुल चड्‌डा के बीच अमरावती कालोनी स्थित अमरावती पुल गैस गोदाम के पास मुनचुन सिंह के घर के बाहर सड़क के किनारे बातचीत के क्रम में पूर्व के विवाद को लेकर पुनः विवाद हो गया।उसी दौरान अतुल चड्‌डा अपने साथी के साथ गुस्सा होकर अपने गाड़ी की ओर गया इसी बीच मेरा लड़का सड़क पार कर मुनचुन सिंह के घर की ओर कार्यक्रम में समय करीब 21.30 बजे रात्री में आ रहा था। इसी बीच एकाएक अतुल चड्डा गुस्सा में आकर अपने साथी के साथ कुछ दूरी पर खड़ी अपनी काली रंग की नई थार गाड़ी को स्टार्ट कर काफी तेजी से चलाते हुए जान मारने की नियत से मेरा लड़का धर्मेन्द्र कुमार को धक्का मार दिया तथा मृत नहीं होने पर अपनी गाड़ी को दुबारा बैक कर पुनः कुचलते हुए गाड़ी लेकर भाग गया तथा भागने के क्रम में गृह प्रवेश के कार्यक्रम में शामिल होने आये अन्य सात आठ लोगों को कुचलते हुए पंचवटी चौक की ओर भाग गया।

सिटी डीएसपी थार गाड़ी का निरीक्षण करते हुए..

घटना के बाद मैं तथा कार्यक्रम में उपस्थित अन्य लोगों के सहयोग से जख्मी हालत में लड़का धर्मेन्द्र एवं अन्य घायलों को ईलाज कराने के हेतु गुरुनानक अस्पताल स्टेशन रोड ले जाया गया जहां पर चिकित्सकों द्वारा मृत बताया गया। बाद में वहा से अपने लड़के को रिम्स, राँची ले गया, रिम्स राँची के चिकित्सक द्वारा जाँचोपरांत मेरे लड़का को मृत घोषित कर दिया गया। मेरा दावा है कि अतुल चड्डा ने अपने मित्रों के साथ मिलकर अपनी नई काली रंग की थार गाड़ी से मेरा लड़का धर्मेन्द्र कुमार को कुचल कर हत्या कर दिया है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 109 (1)/103 (1)/61 (2) के तहत हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है।

बड़े बेटे की मौत से पिता सदमे में

रामाश्रय शर्मा के तीन बेटे हैं।जिसमें धर्मेंद्र कुमार सबसे बड़ा बेटा है।दरोगा से रिटायर्ड होने के बाद बड़े बेटे के कारोबार में हाथ बंटा रहे थे।धर्मेंद्र के दो छोटे छोटे बच्चे हैं।बड़े बेटे के आंखों के सामने तड़पतड़प कर मरते देख पिता सदमें में हैं।धर्मेंद्र का अंतिम संस्कार गुरुवार की देर शाम ही कर दिया गया।धर्मेंद्र के छोटे भाई रोशन ने धर्मेंद्र के दो साल के बेटे को लेकर भाई को मुखाग्नि भेंट की तो श्मशान घाट में ये दृश्य देखकर लोगों के आंखों में आंसू आ गए।मासूम को ये भी पता नही आखिर वे क्या कर रहे हैं सिर्फ अपने चाचा और लोगों को देख थे।श्मशान घाट पर धर्मेंद्र के दर्जनों दोस्त ये दृश्य देखकर रोने लगे।इससे पहले पोस्टमार्टम के बाद जब शव घर पहुँचा तो परिवार में कोहराम मच गया।परिजनों का रो रोकर सभी का बुरा हाल था।

मुखाग्नि देते हुए छोटा भाई और बेटा

सिटी एसपी ने प्रेस वार्ता कर दी जानकारी

गुरुवार को प्रेसवार्ता में सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि धर्मेंद्र और अतुल के बीच काफी पुरानी दोस्ती थी। कुछ महीनों पहले ही धर्मेंद्र खुद का घर बनाकर हटिया स्थित रिवर व्यू कॉलोनी में शिफ्ट हुआ था। दोनों एक साथ जमीन का कारोबार करते थे। कुछ दिनों से पैसे की लेन-देन को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। अमरावती कॉलोनी में बुधवार की रात में एक गृह प्रवेश समारोह में शामिल होने के लिए दोनों पहुंचे थे। इसी दौरान वहां कहा-सुनी हुई। जिसके बाद अतुल ने धर्मेंद्र पर गाड़ी चढ़ा दी और फरार हो गया। इस दौरान सड़क पर 6 अन्य लोगों को भी धक्का मारा, वे भी गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने एसयूवी भी जब्त कर ली है।

चार पांच महीने पहले खरीदी थी एसयूवी, टेंपरेरी नंबर पर चला रहा था

पुलिस जांच में जानकारी मिली है कि आरोपी अतुल 6 महीने पहले ही अपने नाम पर एसयूवी खरीदी थी। वह अबतक टेंपरेरी नंबर टी-1025 जेएच 6921 सी पर ही शहर में गाड़ी चला रहा था। एसयूवी चढ़ाकर धर्मेंद्र की हत्या करने के बाद भाग रहे आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला तो पता चला कि गाड़ी में नंबर प्लेट ही नहीं है। आई विटनेस द्वारा एसयूवी का रंग बताने के बाद पकड़ा गया।

एफएसएल ने सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा

आरोपी के खिलाफ पुलिस हर जगह से साक्ष्य जुटा रही है। कोर्ट से आरोपी को सजा दिलाने में परेशानी ना हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। एफएसएल की टीम ने गुरुवार को घटना स्थल के अलावा जब्त एसयूवी से सैंपल कलेक्ट किया और जांच के लिए लैब भेजा। लैब से मिली रिपोर्ट को कोर्ट में प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि आरोपी को सजा दिलाई जा सके।

एफएसएल टीम घटना स्थल से सेंपल कलेक्ट करते हुए

टीटी की हालत गंभीर, मां-बेटा हॉस्पिटल में भर्ती

एसयूवी के धक्के से घायल महिला टीटी अन्नपूर्णा नायडू (50) की हालत गंभीर है। उनके सिर में काफी चोट लगी है। अन्नपूर्णा अपने बेटे कुणाल (26) के साथ बाजार से खरीदारी कर स्कूटी से घर लौट रही थीं। इसी दौरान अनियंत्रित एसयूवी से स्कूटी सवार मां-बेटे को भी धक्का मारा गया था। घायल मां-बेटे का फिलहाल राज हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। इन दोनों के अलावा एसयूवी के धक्के से घायल संदीप महतो (40), अमित सिंह (35) और प्रशांत गौरव की स्थिति सामान्य है।

आरोपी पहले 8 बार जा चुका है जेल

गिरफ्तार अतुल चड्डा का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पहले से चुटिया थाना में 9 केस दर्ज हैं। वर्ष 2012 में ही पहली बार अतुल अपराध की दुनिया में कदम रखा था। इसके बाद हत्या, रंगदारी,अपहरण और मारपीट के अलावा आर्म्स एक्ट में उसके खिलाफ चुटिया थाना में 8 प्राथमिकियां दर्ज हैं। पुलिस इससे पहले अतुल को 8 बार गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अतुल का पिता मनोज चड्डा भी दुर्दात अपराधी था।

घटना को 12 घंटे के अंदर उद्भेदन करने में इन पुलिस अधिकारी और पदाधिकारी का महत्वपूर्ण भूमिका रही।घटना के बाद एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा के द्वारा गठित स्पेशल टीम में सिटी डीएसपी केवी रमन,चुटिया थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर पूनम कुजूर,सब इंस्पेक्टर जितेंद्र मिश्रा,विवेक कुमार,भवेश कुमार,निरंजन महतो,एएसआई बीएन चौधरी और चुटिया थाना के रिजर्व गार्ड शामिल है।

 

error: Content is protected !!