साप्ताहिक बाजार से घर लौट रही महिला से 6 युवकों ने किया सामूहिक दुष्कर्म,पांच आरोपी गिरफ्तार,एक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी…..

लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिले के गारु थाना क्षेत्र निवासी एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है।घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस घटना में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और छठे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इधर, घटना के बाद लोगों में जबरदस्त आक्रोश है।

बताया जाता है कि आदिम जनजाति समुदाय की महिला बाजार करने अपने गांव से लगभग दो किलोमीटर दूर साप्ताहिक बाजार में गई थी। बाजार से लौटने क्रम में रास्ते में महिला को शराब के नशे में छह युवकों ने पकड़ लिया। जंगली इलाका होने के कारण पूरा क्षेत्र सुनसान था।नशे में धुत युवकों ने जंगल में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।इस दौरान आरोपियों ने महिला के सारे कपड़े भी फाड़ दिए थे।बाद में शुक्रवार रात पीड़ित महिला किसी तरह अपने घर पहुंची और घर वालों को पूरी घटना की जानकारी दी। शनिवार सुबह घर वालों के साथ महिला थाना पहुंची और आरोपियों के खिलाफ प्राथमिक दर्ज कराई है।

इधर, मामले की जानकारी होने के बाद लातेहार एसपी अंजनी अंजन के निर्देश पर पुलिस सक्रिय हो गई और दोषियों को चिन्हित करते हुए उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी आरंभ कर दी। शनिवार की शाम गारु थाना प्रभारी राजीव भगत के नेतृत्व में पुलिस ने सघन छापेमारी अभियान चलाते हुए गैंगरेप में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि पूछताछ क्रम में आरोपियों ने पुलिस के समक्ष अपना अपराध कबूल कर लिया है।गिरफ्तार आरोपियों में शिवलाल सिंह, अनूप सिंह, समिल सिंह और दो अन्य आरोपी शामिल हैं।इस संबंध में थाना प्रभारी राजीव भगत ने बताया कि मामले में कार्रवाई चल रही है।घटना में शामिल आरोपियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।