सिमडेगा डीसी अचानक पहुँचीं सहयोग विलेज,बच्चों के साथ खाया खाना…
सिमडेगा। झारखण्ड के सिमडेगा जिला की उपायुक्त कंचन सिंह ने गुरुवार देर शाम सहयोग विलेज (बालिका एवं बालक गृह) का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने आवास, भोजन, स्वच्छता, शिक्षा समेत बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की गहन समीक्षा की और संबंधित पदाधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने बच्चों को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता की स्वयं जांच की। इस दौरान उन्होनें बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन भी किया और खाने की गुणवत्ता, मात्रा और पोषण स्तर का आकलन किया।उन्होंने निर्देश दिया कि बच्चों को नियमित रूप से साफ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।बाद में उपायुक्त अध्ययन कक्ष पहुंचीं, जहां उन्होंने बच्चों से संवाद कर उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सफलता की कुंजी है और बच्चे बेहतर शिक्षा हासिल कर अपने भविष्य को संवार सकते हैं।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने रसोईघर का भी निरीक्षण किया और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।साथ ही साफ तौर से कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।मौके पर नजारत उप समाहर्ता-सह-सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी समीर रेनियर खालखो समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

