झारखण्ड कैडर के सीनियर आईपीएस संजय आनंद लाठकर को परमाणु ऊर्जा विभाग में सुरक्षा की मिली जिम्मेदारी,केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाएंगे…..
राँची।झारखण्ड कैडर के सीनियर आईपीएस संजय आनंद लाठकर को भारत सरकार के परमाणु ऊर्जा विभाग का आईजी सिक्योरिटी नियुक्त किया गया है। आईपीएस संजय आनंद लाठकर मुंबई स्थित परमाणु मुख्यालय में योगदान देंगे। केंद्र सरकार की ओर से अधिसूचना जारी कर इस संबंध में जानकारी दी गई है।झारखण्ड पुलिस के एडीजी अभियान संजय आनंद लाठकर को डिपार्टमेंट ऑफ एटॉमिक एनर्जी का इंस्पेक्टर जनरल सिक्योरिटी नियुक्त किया गया है। 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी संजय आनंद एक तेज तर्रार और ईमानदार पुलिस अधिकारी माने जाते हैं। इससे पहले लाठकर केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर सीआरपीएफ में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर रहते हुए आईपीएस लाठकर झारखण्ड चैप्टर के आईजी भी रह चुके हैं। अब संजय आनंद लाठकर एक बार फिर केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा रहे हैं।केंद्रीय मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने संजय लाठकर को एडीजी स्तर और वेतन पर परमाणु ऊर्जा विभाग के तहत आईजी सुरक्षा के पद पर नियुक्त करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है।आपको बता दें कि संजय आनंद महाराष्ट्र के रहने वाले हैं, इसलिए उन्हें एक बार फिर अपने ही राज्य में रहने या यूं कहें कि रिटायरमेंट तक का मौका मिला है।आईपीएस संजय आनंद के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद झारखण्ड में एडीजी रैंक के अधिकारियों की कमी हो जाएगी। संजय फिलहाल एडीजी अभियान के पद पर थे।इससे पहले झारखण्ड पुलिस का सबसे महत्वपूर्ण विभाग माना जाने वाला स्पेशल ब्रांच भी एडीजी के बिना ही चल रहा है। राज्य में अभी भी कई महत्वपूर्ण विभागों में एडीजी रैंक के अधिकारी नहीं हैं।