चतरा: चेकिंग देख भागने लगे महिला-पुरुष, पीछा कर पकड़ा तो बैग से निकली 6.158 किलो अफीम;दो तस्कर गिरफ्तार
चतरा।नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चतरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वशिष्ठनगर थाना क्षेत्र में एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक महिला और एक पुरुष को 6.158 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों संदिग्ध पुलिस की चेकिंग देखकर भागने लगे थे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पुरुष के पास मौजूद पिट्ठू बैग से भारी मात्रा में अफीम बरामद हुई।
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह कार्रवाई 27 नवंबर 2026 की शाम की है। थाना क्षेत्र में गश्ती दल द्वारा एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक महिला और एक पुरुष पैदल जाते दिखाई दिए। पुरुष के कंधे पर पिट्ठू बैग था। पुलिस को चेकिंग करते देख दोनों राज्य संपोषित प्लस टू हाई स्कूल के मैदान की ओर भागने लगे। उनकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए पुलिस बल ने पीछा किया और दोनों को पकड़ लिया।
पिट्ठू बैग की तलाशी में मिली 6 किलो से अधिक अफीम
पकड़े जाने के बाद जब पुरुष के पास मौजूद पिट्ठू बैग की तलाशी ली गई तो उसमें से 6.158 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने मौके से दो मोबाइल फोन, 380 रुपये नकद, एक वोटर कार्ड, एक पिट्ठू बैग, महिला का पर्स और अन्य कपड़े भी जब्त किए हैं।
दोनों गिरफ्तार आरोपियों की हुई पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित कुमार दांगी (26 वर्ष), पिता नागेश्वर दांगी, निवासी राजपुर थाना एवं जिला चतरा तथा सुनीता देवी (27 वर्ष), पति प्रवीण दांगी, निवासी हेठ टोला गिद्धौर, थाना गिद्धौर, जिला चतरा के रूप में हुई है।
NDPS एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
इस मामले में वशिष्ठनगर थाना कांड संख्या 162/2026, दिनांक 27 नवंबर 2026 के तहत बीएनएस की धारा 111(2)(बी) तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(सी), 18(बी), 22(सी), 27(ए), 28 और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित थी छापेमारी टीम
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक अमित कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक दिलीप कुमार नामता, आरक्षी अमरेन्द्र कुमार और आईआरबी-03 के आरक्षी संतोष कुमार संतोषी शामिल थे।

