Ranchi:चालक को आई झपकी और दूल्हा-दुल्हन की कार खाई में पलटी, दूल्हा-दुल्हन सहित चार घायल,रिम्स रेफर…
राँची।जिले के सोनाहातू थाना क्षेत्र में शादी समारोह से दुल्हन को विदा कराकर राँची लौट रहे दूल्हा-दुल्हन की कार गुरुवार सुबह बुंडू-राहे सड़क पर हादसे का शिकार हो गई। घटना सोनाहातू थाना क्षेत्र अंतर्गत मारनाडीह पुल के समीप हुई, जहां अनियंत्रित होकर कार सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी।हादसे में दूल्हा-दुल्हन समेत चार लोग घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार दूल्हा अपने परिजनों के साथ राहे में आयोजित विवाह समारोह से दुल्हन को लेकर राँची के हटिया लौट रहा था। इसी दौरान मारनाडीह पुल के पास कार अचानक अनियंत्रित हो गई और पलटते हुए खाई में जा गिरी।हादसा इतना तेज था कि कार में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।सूचना मिलते ही सोनाहातू पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को कार से बाहर निकाला गया।इसके बाद सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल बुंडू पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए रिम्स रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद दोनों परिवारों की खुशियां पलभर में चिंता और मातम में बदल गईं। परिजन घायलों के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने के बाद वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि अन्य बिंदुओं पर भी जांच जारी है।

