राँची के लिकर बार को उत्पाद विभाग ने किया सील, संचालक को किया शोकॉज,किन्नरों और ग्राहक के विवाद के बाद कार्रवाई की…
राँची।राजधानी राँची के अरगोड़ा चौक के पास स्थित एक बार में डांस के दौरान किन्नरों के साथ हुए विवाद और मारपीट के बाद उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।विभागीय टीम ने रविवार की देर शाम बार को जांच के बाद सील कर दिया है। साथ ही बार मालिक वीरेन साहु को शोकॉज किया गया है।इस बात कार्रवाई की जानकारी उत्पाद विभाग की ओर से दी गयी है।
क्या है पूरा मामला
बता दें कि शनिवार की रात बार में आए ग्राहकों के बीच जमकर मारपीट हुई थी।इस विवाद की जानकारी मिलने के बाद उत्पाद विभाग की टीम रविवार की शाम बार पहुंची। विभागीय टीम ने बार परिसर का मुआयना किया और वहां लगे सीसीटीवी कैमरा से फुटेज खंगाला।जांच में पता चला कि बार संचालक वीरेन साहु द्वारा ग्राहकों का मनोरंजन के लिए किन्नरों से डांस कराया जाता था।यहां तक किन्नरों से ग्राहकों को शराब भी परोसवाया जा रहा था। शनिवार की रात भी किन्नर बार में डांस प्रस्तुत कर रही थीं। नाचने के दौरान ही किन्नरों और ग्राहक आपस में भिड़ गए और मारपीट की घटना हुई।
इस जांच टीम में उत्पाद निरीक्षक संजय कुमार, रजनीश कुमार, प्रकाश मिश्रा, अवर निरीक्षक पंकज कुमार, श्वेता कुमारी समेत अन्य लोग शामिल रहे। बार सील करने के दौरान विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान कई खामियां सामने आयी हैं। इसकी रिपोर्ट विभाग को सौंपने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
उत्पाद विभाग ने बार संचालक वीरेन साहु को नोटिस भेजा है। जिसमें उनसे पूछा गया है कि बार में किन्नरों से डांस कराया जा रहा था और इसकी अनुमति विभाग से ली गई थी कि नहीं। हंगामा की वजह से विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हुई थी। इसका जिम्मेदार कौन है.
। नोटिस का जवाब तीन दिन के भीतर देने का निर्देश दिया गया है।
अरगोड़ा चौक के समीप बार में शनिवार की रात किन्नर डांस प्रस्तुत कर रही थीं।इसी दौरान कुछ ग्राहक किन्नरों के साथ नाचने लगे। नाचने के दौरान ही किन्नरों के साथ ग्राहकों का विवाद हो गया।बार में डांस कर रही किन्नर और शराब के नशे में धुत ग्राहक भिड़ गए।बात इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच गाली-गलौज और धक्का मुक्की भी हुई। बार के भीतर कुछ ग्राहक किन्नरों के साथ मारपीट कर दी।जिसके बाद किन्नरों की टोली बार से निकल कर सड़क पर आ गयीं।बार के सामने वाली सड़क को जाम कर हंगामा शुरू कर दिया।मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के वरीय अधिकारियों के अलावा अरगोड़ा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस की टीम जब किन्नरों को सड़क से हटाने का प्रयास किया तो किन्नर उनसे भी उलझ गईं। विरोध को देखते हुए पुलिस कुछ देर के लिए वहां से हट गई विरोध बढ़ता देखकर पुलिस ने सभी किन्नरों को कार्रवाई का आश्वासन देकर सड़क से हटाया गया।

