Ranchi:कोर्ट में मध्यस्थता के लिए आए व्यक्ति को गलत तरीके से पुलिस ने किया गिरफ्तार, कोर्ट के आदेश पर छोड़ा….

राँची। राँची महिला थाना ने दहेज प्रताड़ना के मामले के गया निवासी आरोपी पति को कोर्ट को गुमराह कर गलत तरीके से मध्यस्थता केंद्र में गिरफ्तार कर लिया। मध्यस्थता केंद्र ने गुरुवार को आरोपी को बिहार के गया से बुलाया था। मध्यस्थ ने बैठक शुरू की ही थी, इसी बीच महिला थाने की पुलिस ने उसे बाहर बुलाकर गलत तरीके से गिरफ्तार कर हथकड़ी लगा दी।बताया गया कि मध्यस्थ गोकुल चंद ने इसका विरोध भी किया, लेकिन पुलिस रिमांड के लिए उसे न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत ले गई। जब कोर्ट को हकीकत पता चली तो आरोपी को तत्काल छोड़ने का निर्देश दिया। इधर राँची जिला बार एसोसिएशन के महासचिव संजय विद्रोही ने पुलिस की इस हरकत का विरोध किया है। पुलिस की इस हरकत पर कोर्ट ने संज्ञान लिया है और संबंधित पुलिस पदाधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।