Ranchi:वाहनों में ‘जय माता दी’, लिखकर पशुओं की तस्करी, पुलिस ने तीन दर्जन से ज्यादा मवेशी और 4 वाहन किया जब्त

 

राँची।वाहनों पर भगवान के नाम का उल्लेख कर पशु तस्करी की जा रही थी। यह मामला तब उजागर हुआ जब राँची के ओरमांझी थाना पुलिस ने इरबा मदरसा मोहल्ला में छापेमारी कर 41 पशुओं और चार वाहनों को जब्त किया।

सभी पशुओं को हुटुप गौशाला में सुरक्षित रखा गया है, जबकि वाहनों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। यह कार्रवाई एसएसपी राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। तस्करों ने सभी पशुओं को पिकअप वाहनों में लोड कर पश्चिम बंगाल ले जाने की योजना बनाई थी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शषिभूषण चौधरी, एसआइ जयप्रकाश पासवान, हवलदार सतीश कुमार, उज्जवल कुमार और आरक्षी रघुवंश यादव सहित पुलिस दल रात लगभग 12:30 बजे मदरसा मोहल्ला के नौशाद अंसारी के घर के पास पहुंचा।वहां चार पिकअप वाहनों में पशुओं को लोड किया जा रहा था। पुलिस को देखकर सभी तस्कर और मजदूर अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे।

पुलिस द्वारा जब्त किए गए चार पिकअप वाहनों पर “जय भोले शंकर”, “जय माता दी”, “जय बजरंगबली” और “जय बाबा ब्रमेश्वरनाथ” जैसे धार्मिक नाम लिखे हुए थे।बताया गया है कि तस्कर अक्सर पुलिस से बचने के लिए अपने वाहनों पर भगवान का नाम लिखते हैं, ताकि संदेह कम हो सके। इसके बावजूद, ओरमांझी थाना पुलिस द्वारा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

पिछले एक महीने में यह तस्करों के खिलाफ पुलिस की तीसरी कार्रवाई है, जिससे पशु तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने इरबा निवासी तस्करों नौशाद अंसारी, खेताब अंसारी, गुड्डू अंसारी, और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी रखी है।

error: Content is protected !!