Ranchi:सीमेंट और छड़ कारोबारी पर ताबड़तोड़ गोलाबारी करने वाला शूटर गिरफ्तार,मुख्य साजिशकर्ता की तलाश जारी…
राँची।सीमेंट और छड़ कारोबारी राधेश्याम साहू की हत्या करने के लिए तीन लाख की सुपारी तय हुई थी। जिसके बाद अपराधियों ने दिनदहाड़े कटहल मोड़ के पास कारोबारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी,लेकिन अपराधी अपने मकसद में कामयाब नहीं हो पाए थे।लगभग दो महीने बाद राँची पुलिस के द्वारा घटना में शामिल एक शूटर को गिरफ्तार किया गया है।
कारोबारी राधेश्याम साहू पर फायरिंग करने वाले शूटर चंदन कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।राँची पुलिस के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 15 अक्टूबर को कटहल मोड़ पास स्थित शांभवी इंटरप्राइजेज के मालिक राधेश्याम साहू पर उनके दुकान के पास दो अज्ञात अपराधियों के द्वारा अंधाधुंध फायरिंग कर जानलेवा हमला किया गया था।इस हमले में राधेश्याम साहू गंभीर रूप से घायल हो गए थे।मामले की तहकीकात पुलिस के द्वारा लगातार जारी थी। इसी कड़ी में फायरिंग करने वाले एक शूटर चंदन कुमार को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार कांड को सुलझाने के लिए बनाई गई एसआईटी को यह जानकारी मिली थी कि चंदन कुमार धनबाद से वापस अपने घर भुरकुंडा जा रहा है, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए उसे रास्ते में ही धर दबोचा गया।
गिरफ्तारी के बाद शूटर चंदन कुमार ने पुलिस की पूछताछ में यह बताया है कि उसे कारोबारी की हत्या के लिए 3 लाख की सुपारी मिलने वाली थी। एडवांस के तौर पर 50 हजार मिले थे जिसके बाद उसने अपने एक साथी के साथ वारदात को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस ने यह खुलासा नहीं किया है कि किस व्यक्ति के द्वारा कारोबारी को जान से मारने के लिए सुपारी दी गई थी।सूत्रों के अनुसार शूटर के द्वारा मुख्य साजिशकर्ता का नाम भी बताया गया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम छापेमारी कर रही है।उसकी गिरफ्तार होने के बाद ही राँची पुलिस के द्वारा पूरे मामले का विधिवत खुलासा किया जाएगा।
बता दें 15 अक्टूबर की सुबह राधेश्याम साहू हर दिन की तरह अपनी दुकान शांभवी इंटरप्राइजेज के पास खड़े थे।इसी दौरान बाइक सवार दो अपराधियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।राधेश्याम साहू को गोली मारने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए थे। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने किसी तरह घायल राधेश्याम को अस्पताल पहुंचाया। अपराधियों ने राधेश्याम साहू को आधा दर्जन के करीब गोलियां मारी थी, लेकिन उनकी किस्मत उनके साथ थी और वह इतने बड़े हमले में भी बाल बाल बच गए।
वहीं दूसरी तरफ जमीन कारोबारी पर हुए हमले को लेकर उनके बेटे सज्जन कुमार ने नगड़ी थाना में जमीन कारोबारी पुरुषोत्तम, शशि शेखर समेत अज्ञात के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज करवाई थी।सज्जन की ओर से पुलिस को दिए बयान में कहा गया था कि उनके पिता राधेश्याम साहू का जमीन को लेकर पुरुषोत्तम और शशि के साथ विवाद चल रहा था। ढाई एकड़ जमीन को लेकर विवाद है। यह मामला न्यायालय में लंबित है।वहीं दो माह पूर्व पटना निवासी शशि शेखर ने उनके पिता को फोन पर धमकी भी दी थी। कहा था कि मामले को क्लियर नहीं किया तो जान से मार देंगे।सज्जन ने पुलिस को बताया कि जिस वक्त अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया था, उस वक्त उनके स्टाफ संजय सिन्हा, नागेन्द्र दुबे और सोमरा उरांव मौके पर मौजूद थे। वारदात के बाद सभी नामजद आरोपियों से पुलिस ने पूछताछ भी की थी।लेकिन कोई ठोस सबूत और संलिप्ता नहीं मिलने के बाद छोड़ दिया था।अब शूटर की गिरफ्तार और मुख्य साजिशकर्ता का नाम आने से पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

