Ranchi:फ्लैट में अकेली बुजुर्ग महिला की गला रेतकर हत्या… जांच में जुटी है पुलिस…
राँची।राजधानी राँची के जगरनाथपुर थाना क्षेत्र में लटमा रोड स्थित विजेता इन्क्लेव,आसरी गार्डेन में रहने वाली 60 वर्षीय महिला विश्वासी हन्ना तिरू की हत्या की सनसनीखेज घटना सामने आई है। मृतका अपने पति स्टेफन तिरू जिनका निधन अप्रैल 2024 में हो गया था।उसके बाद फ्लैट में अकेले रहती थीं। शारीरिक रूप से कमजोर होने के कारण वे वाकर की सहायता से चलती थी तथा अक्सर रिश्तेदारों या परिचितों से खाना मंगवाकर खाती थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विश्वासी हन्ना तिरू के भतीजे अनिल कुमार तिरू शुक्रवार (05 दिसंबर 2025) को लगभग 12:15 बजे दोपहर में खाने के साथ उनके फ्लैट पहुँचे।उन्होंने देखा कि दरवाजा हल्का खुला हुआ है और अंदर जाने पर चाची को टेलीविजन के पास जमीन पर बेहोशी की हालत में पड़े देखा। उन्होंने तुरंत पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदार दास टोपनो (उम्र 70 वर्ष) को बुलाया। दास टोपनो ने नजदीक जाकर देखा तो पाया कि महिला का गला कटा हुआ है और पास में खून से सना एक ब्लेड भी मौजूद था। इससे हत्या की आशंका और गहरा गई।
उसके बाद अनिल तिरू ने डायल-112 पर फोन किया। कुछ देर बाद टाइगर मोबाइल पुलिस पहुँची और कमरे का निरीक्षण किया। टाइगर मोबाइल पुलिस ने इसकी जानकारी तुरन्त जगरनाथपुर थाना प्रभारी दिग्विजय सिंह को दिया।उसके बाद थाना प्रभारी दलबल के साथ मौके पर पहुँचे।
पुलिस के अनुसार फ्लैट के तीनों कमरों की अलमारियाँ खुली मिली हैं, जिनमें रखे जेवरात और नकदी के गायब होने की आशंका है। हालांकि,घर में कितना नकद व जेवर मौजूद था, इसकी जानकारी परिजनों ने बाद में देने की बात कही है।
बताया गया कि मृतका के चचेरे संबंधी और श्यामली (मेकन) कॉलोनी की निवासी सलोमी होरो अक्सर उनके लिए खाना बनाकर लाती थीं। वहीं मृतका की भतीजी एलिन सांगा भी 30 नवंबर तक उनके साथ चार दिन रहकर गई थी।
घटना की सूचना मिलने के बाद सिटी एसपी पारस राणा घटना स्थल पर पहुँचे और निरीक्षण किया।वहीं पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी बुलाया ।पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद देर शाम शव कब्जे में लेकर रिम्स भेजा। शव का पोस्टमार्टम होने के बाद आज शनिवार को शव परिजनों को सौंप दिया।
जगरनाथपुर थाना पुलिस ने मृतिका के भतीजे अनिल के बयान पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे हत्या कर लूटपाट का मामला मानकर जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही परिचितों से भी पूछताछ कर रही है।
थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर दिग्विजय सिंह ने बताया कि मामले में जांच जारी है।कुछ सीसीटीवी फुटेज मिला है।उसी आधार पर कार्रवाई जारी है।जल्द मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

