Ranchi:पंडरा बाजार समिति की चार दुकानों में चोरी, दीवार काट कर नगदी समेत लाखों के समान की चोरी
राँची। राजधानी राँची में चोरों का मनोबल सातवें आसमान पर है। अब चोर पुलिस की नाक के नीचे चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं।ताजा मामला राँची के पंडरा ओपी क्षेत्र का है, यहां चोरों ने बाजार समिति की चार दुकानों में एक साथ चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।पंडरा ओपी के ठीक बगल में स्थित बाजार समिति की चार दुकानों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है।दुकानों से करीब 6 लाख कैश सहित करीब 15 लाख के सामान की चोरी हुई है।चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए चोरों ने दुकानों के पीछे की दीवार को काट दिया था। चोर दीवार काटकर अंदर घुसे और उन्हें जो कुछ भी मिला उसे उड़ा ले गए। राजेश कुमार नाम के कारोबारी की दुकान से चोरों ने 4.30 लाख रुपये नगद की चोरी की है।
बता दें कि राँची के पंडरा बाजार समिति में थोक विक्रेताओं की तीन दर्जन से ज्यादा दुकानें हैं। अक्सर यहां चोरी की वारदात सामने आती रहती है।एक कारोबारी ने बताया कि पुलिस की लापरवाही की वजह से चोरी की वारदातें बढ़ रही हैं।पंडरा बाजार समिति से थाना महज कुछ कदमों की दूरी पर है, इसके बावजूद चोर दुकानों की दीवार काटकर चोरी की घटना को अंजाम देते हैं और फरार भी हो जाते हैं।मामले को लेकर दुकानदारों का कहना है कि लगातार चोरी की वारदात हो रही है। लेकिन एक चोर को भी पुलिस नहीं पकड़ पाती है। दुकानदारों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ बेहद आक्रोश है।
जिन दुकानों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है उन सभी दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं।सीसीटीवी फुटेज में सभी चोरों की तस्वीर कैद हुई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है। हालांकि आपको बता दें कि इससे पहले भी कई चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं, लेकिन पुलिस उन्हें अब तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है।पुलिस के अनुसार मामले में कार्रवाई की जा रही है।रात्रि गश्ती को बढ़ाया जाएगा और गश्ती करने में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई भी की जाएगी।

