राँची पुलिस ने टीएसपीसी उग्रवादी संगठन के दो सदस्य को किया गिरफ्तार, हथियार और गोली बरामद
राँची।जिले के बुढ़मू इलाके से प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी के दो सक्रिय सदस्यों को राँची पुलिस ने हथियार और गोली के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों की गिरफ्तारी बुढ़मू और बड़कागांव थाना क्षेत्र की सीमा से हुई है। गिरफ्तारी में मुख्य आरोपी सुमित लहरी, जो पहले भी उग्रवादी गतिविधियों में जेल जा चुका था, वो भी शामिल है।मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी ने बताया कि बुढ़मू और बड़कागांव थाना सीमा पर बिंजा ग्राम से घायल अवस्था में सुमित लहरी को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही एसएसपी ने कहा कि गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर उसके साथी मनु सिंह उर्फ अभिमन्यु को भी गिरफ्तार किया गया है। मौके से मनु के पास से एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक चिड़िया मारने वाला हथियार भी बरामद किया गया है।
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार सुमित लहरी वर्ष 2024 में भी जेल जा चुका था।लेकिन जेल से छूटने के बाद उसने टीएसपीसी के एरिया कमांडर दिवाकर गंझू के साथ मिलकर फिर से उग्रवादी गतिविधियां शुरू कर दी। एसएसपी ने बताया कि दिवाकर गंझू की गिरफ्तारी के बाद सुमित खुद एरिया कमांडर बनने की कोशिश कर रहा था।जिसको लेकर वो लगातार कई वारदातों को अंजाम दे रहा था।
एसएसपी ने बताया कि सुमित लहरी की गिरफ्तारी से संगठन को बड़ा झटका लगा है। उन्होंने कहा कि पिछले सप्ताह भी इसी दस्ते के कमांडर दिवाकर गंझू को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।एसएसपी ने बतााया कि गिरफ्तार टीएसपीसी के सदस्यों से संगठन की अन्य गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि आगे भी ऐसे तत्वों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।