राँची में अतिक्रमण के खिलाफ राँची नगर निगम की सख्ती जारी, बांधगाड़ी में सरकारी भूमि पर कब्जे के खिलाफ सीमांकन की कार्रवाई..तीन भवन और एक चहारदीवारी को अतिक्रमण की श्रेणी में पाया..

 

राँची।राजधानी राँची में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ राँची नगर निगम ने अभियान तेज कर दिया है। इस क्रम में भू-संपदा कोषांग के अधिकारियों ने संबंधित अंचल कार्यालय के अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से वार्ड संख्या–06 के बांधगाड़ी क्षेत्र स्थित सरकारी भूमि, मुख्य मार्ग, दुकानों और भवनों की मापी कराई।कार्रवाई का उद्देश्य अतिक्रमित क्षेत्र की स्पष्ट और तथ्यपरक स्थिति सामने लाना है, ताकि आगे की विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

जानकारी के अनुसार, मापी के दौरान सरकारी भूमि के प्लॉट संख्या–537, खाता संख्या–169, कुल 2.02 एकड़ रकबा का विधिवत सीमांकन किया गया।जांच में उक्त भू-भाग पर तीन भवन और एक चहारदीवारी को अतिक्रमण की श्रेणी में पाया गया।सीमांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित अतिक्रमणों को चिह्नित करते हुए आगे की कार्रवाई की रूपरेखा तैयार की जा रही है।

नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि आसपास के अन्य प्लॉटों से संबंधित विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अंचल कर्मियों को प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही आंशिक रूप से शेष रह गए मापी कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि पूरे क्षेत्र की स्थिति स्पष्ट हो सके और किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न रहे।नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।निगम प्रशासन का कहना है कि शहर में सार्वजनिक हित से जुड़ी भूमि की सुरक्षा प्राथमिकता है और अवैध कब्जों के कारण विकास कार्यों एवं यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न होती है। नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और शहर के अन्य क्षेत्रों में भी चरणबद्ध तरीके से मापी और सीमांकन कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।निगम ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाएं और नगर के सुव्यवस्थित विकास में सहयोग करें।

..

..

..

..

..

..

..

 

error: Content is protected !!