Ranchi:लॉकडाउन में महंगा पड़ेगा बेवजह घूमना,एसएसपी का निर्देश-ऐसे लोगों से आधे घंटे तक पढ़ाया जाएगा कोविड गाइडलाइन,दोबारा पकड़े गए तो दर्ज होगी एफआईआर

राँची।झारखण्ड में कोरोना के चेन को तोड़ने के लिए 6 मई सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन (स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह) लागू है। दोपहर 3 बजे बाद लोगों को इमरजेंसी की स्थिति में ही बाहर निकलने की छूट दी गई है।आवाजाही को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। इसके बाद भी कुछ लोग मनमानी कर रहे हैं। नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं।बेवजह घर से बाहर घूम रहे हैं। ऐसे लोगों को अब पहले आधे घंटे तक कोविड गाइडलाइन पढ़ाया जाएगा। इसके बाद भी वे नहीं मानते हैं और बाहर निकलते हैं तब उनके खिलाफ एफआइआर दर्ज किया जाएगा।राँची के एसएसपी एसके झा ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं।उन्होंने कहा कि लोगों से इस बीमारी की भयावहता को समझने और घर में रहने की अपील की जा रही है। इसके बाद भी वे अगर नहीं मानते हैं तो पहले उन्हें संवेदनशील तरीके से समझाया जाएगा। इसके बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।

100 प्वाइंट पर 2000 पुलिसकर्मियों की तैनाती:

राँची के हर गली-चौराहे पर पुलिस का पहरा है। दोपहर के 3 बजते ही सड़कों पर पुलिस की गाड़ियां राउंड मारने लगती है। इसके अलावा शहर में 100 प्वाइंट बनाए गए हैं जहां लोगों की जांच की जा रही है। इसके लिए इन जगहों पर 2000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। आने-जाने वाले सभी लोगों की जांच की जा रही है।एसएसपी ने बताया कि बगैर मास्क घर से निकलने वालों, ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों और वाहन के कागजात नहीं रखने वालों पर अलग से कार्रवाई की जा रही है।