Ranchi:अरगोड़ा चौक के पास स्थित लिकर बार एंड रेस्टोरेंट का लाइसेंस रद्द, एसएसपी की रिपोर्ट पर उपायुक्त ने की कार्रवाई

 

राँची।राजधानी राँची के अरगोड़ा चौक स्थित लिकर बार एंड रेस्टोरेंट का लाइसेंस डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.यह कार्रवाई एसएसपी की रिपोर्ट के आधार पर की गई है।

कई तरह के विवादों में नाम आने के बाद राँची के अरगोड़ा चौक स्थित लिकर बार एंड रेस्टोरेंट का लाइसेंस राँची डीसी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आदेश पत्र में बताया गया है कि यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक की अनुशंसा पर उत्पाद अधिनियम की धारा 42 के तहत की गई है।

एसएसपी की रिपोर्ट में कहा गया है कि अरगोड़ा चौक का रास्ता बेहद व्यस्त है और वीवीआईपी आवागमन का प्रमुख मार्ग है। ऐसे में बार के कारण अक्सर होने वाले झगड़े से कानून-व्यवस्था पर गंभीर खतरा बना रहता है। रिपोर्ट के अनुसार बार संचालक की ओर से ट्रांसजेंडर (टीजे) बुलाकर डांस एवं डांस क्लब का आयोजन बार‑बार किया जाता था। इस दौरान ग्राहकों के बीच कई बार मारपीट और हंगामा हो चुका है।

प्रशासन ने माना है कि बार में लगातार हो रहे झगड़े और सड़क पर उत्पन्न विवाद से किसी भी समय बड़ी अप्रिय घटना हो सकती है।इसलिए सार्वजनिक सुरक्षा को देखते हुए लाइसेंस निलंबित करने का निर्णय लिया गया। आदेश में एसएसपी की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा गया है कि ऐसे आयोजनों से ट्रैफिक बाधित होता है और कानून-व्यवस्था संभालने में पुलिस बल पर अतिरिक्त दबाव बनता है।लाइसेंस निलंबन के बाद अब विभागीय जांच पूरी होने तक लिकर बार एंड रेस्टोरेंट में शराब की बिक्री और संचालन कानूनी रूप से प्रतिबंधित रहेगा।

गौरतलब है कि 26 नवंबर की रात किन्नरों और लिकर बार में आए ग्राहकों के बीच जमकर मारपीट हुई थी।विवाद की जानकारी मिलने के बाद उत्पाद विभाग की टीम 27 नवंबर की शाम लिकर बार पहुंची थी। टीम ने बार परिसर का मुआयना किया था और बार परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरा के फुटेज को खंगाला था।जांच में यह बात सामने आई कि बार संचालक बीरेन साहू के द्वारा ग्राहकों के मनोरंजन के लिए किन्नरों से डांस कराया जाता था।यहां तक किन्नरों से ग्राहकों को शराब भी सर्व करायी जाती थी। 26 नवंबर की रात भी किन्नर बार में डांस प्रस्तुत कर रही थीं।नाचने के दौरान ही किन्नरों और ग्राहक आपस में भिड़ गए थे और मारपीट की घटना हुई थी।ऐसे में उस दौरान बार को सील कर दिया गया था।

error: Content is protected !!