Ranchi:बस और डंपर में भीषण टक्कर,डंपर सड़क पर पलटी,एक बस यात्री की मौत,कई घायल..

राँची।जिले के ओरमांझी थाना क्षेत्र में एनएच 33 पर उकरीद गांव के पास सिंह ट्रेवल्स नामक बस ने अपने आगे जा रहे डंपर में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही डंपर बीच सड़क पर पलट गया। वहीं बस में सवार एक यात्री की मौत हो गई और एक दर्जन यात्री घायल हो गए।

यह घटना सोमवार की देर रात साढ़े 12 बजे की है। घायल यात्रियों में चार की हालत गंभीर है। चारों का इलाज रिम्स में चल रहा है।वहीं अन्य घायल यात्रियों को क्यूरेस्टा ग्लोबल अस्पताल इरबा में इलाज कराने के बाद छोड़ दिया गया। मृतक विश्वनाथ सिंह (51 वर्ष) जमशेदपुर का निवासी था। विश्वनाथ बस से आरा जा रहा था। पुलिस ने मृतक के शव को मंगलवार की सुबह पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा।सूचना मिलने पर मृतक के परिजन राँची आकर पोस्टमार्टम के बाद शव जमशेदपुर ले गए।

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि सोमवार की रात टाटा से आरा जा रही सिंह ट्रेवल्स नामक बस (जेएच 22 बी/4581) जैसे ओरमांझी बीपी पेट्रोल पंप से आगे उकरीद गांव के पास पहुंची पीछे से डंपर में टक्कर मार दी। हादसे के बाद डंपर बीच सड़क पर पलट गया और बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पेट्रोलिंग टीम और ओरमांझी पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर बस से सभी यात्रियों को बाहर निकाला। घायल यात्रियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। वहीं बस के अन्य यात्रियों को दूसरे वाहन रोककर गंतव्य तक भिजवाया।पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। हादसे के बाद दोनों वाहनों के चालक फरार हो गए।