Ranchi:दिव्यांग युवक की मिली अधजली लाश…घर से 30 रुपए लेकर निकला था बाहर, सुबह जंगल में मिला शव…हत्या के बाद शव जलाया…
राँची।जिले के बेड़ो थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक युवक की जंगल से अधजली लाश बरामद की गई। घटना बेड़ो थाना क्षेत्र के घाघरा की है। युवक दीपावली की रात पिता से अंडा खाने के लिए 30 रुपए लेकर निकला था पर वापस नहीं लौटा।मृतक की पहचान जयु कुजुर के पुत्र सोमरा कुजुर (23) के रूप में की गई। परिजनों के अनुसार, वो दिव्यांग था। शव देखने से पता चलता है कि हत्यारों ने डंडे से पीटकर और जलाकर कर सोमरा की हत्या की है।
मृतक के भाई जलहा कुजूर ने पुलिस को बताया कि मंगलवार की सुबह लगभग आठ बजे चरका पत्थर के ग्रामीण ने मवेशी को चराने ले जाने के क्रम में जंगल में एक शव पड़ा देखा। इसकी जानकारी उसने ग्रामीणों को दी।
जलहा कुजूर ने बताया कि सोमवार दीपावली की रात खाना खाने के बाद सोमरा कुजुर पिता से अंडा खाने के नाम पर 30 रुपए लेकर घर से लगभग नौ बजे बाहर निकला था। उसके बाद से ही वह वापस घर नहीं लौटा।
इधर, हत्याकांड की जांच के लिए घटनास्थल पर फोरेंसिक व डॉग स्क्वायड की टीम पहुंची। जहां घटनास्थल से डॉग स्क्वायड ने टिकरा टोली गांव के एक पक्के कुएं के पास जाकर रुक गया। मृतक के पिता जयु कुजूर ने बताया कि सोमरा दिव्यांग व मंद बुद्धि था। जो गांव में ही रहकर गाय-बकरी चराता था। आज बुधवार को शव का पोस्टमार्टम होगा।पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।पुलिस इस जघन्य हत्याकांड की जांच कर रही है।

