रामगढ़ पुलिस ने 25 लाख का अवैध डोडा किया जब्त, दो शख्स गिरफ्तार
रामगढ़।झारखण्ड के रामगढ़ जिला पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर 480 किलो डोडा (लगभग 25 लाख रुपए कीमत) पकड़ा गया है। इस मामले में दो लोगों की गिरफ्तारी हुई है साथ ही साथ एक वाहन और दो मोबाइल भी जब्त किया गया है। पतरातू की ओर से रजरप्पा होते हुए गिरिडीह की ओर से पुलिस को चकमा देकर नशीला पदार्थ ले जाया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार रामगढ़ पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि एक चार पहिया वाहन में नशीला पदार्थ लेकर कुछ लोग रजरप्पा के रास्ते बोकारो की ओर जा रहे हैं. इस आधार पर रजरप्पा थाना क्षेत्र के बोरोबिंग चेक नाके के पास पुलिस ने वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान एक ब्लू रंग की गाड़ी आई जिसकी पुलिस द्वारा तलाशी में 18 बोरा डोडा लदा पाया। इस गाड़ी में दो लोग सवार थे जब इनसे पूछताछ की गई तो उन्होंने डोडा के संबंधित कोई कागजात होने की बात नहीं बताई।इसके बाद पुलिस ने दोनों व्यक्तियों को गाड़ी और अवैध डोडा के साथ गिरफ्तार कर लिया।
रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ रामगढ़ परमेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में रजरप्पा थाना प्रभारी व अन्य पुलिस बल ने बैरिकेट लगाकर पिकअप वैन को पकड़ा।जिसमें अवैध डोडा भरा हुआ था, इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।ये गाड़ी पिठोरिया, बुंडू, पतरातू, रजरप्पा होते हुए गिरिडीह की ओर जा रही थी। इसी बीच ये रजरप्पा में चेकिंग के दौरान पकड़े गये हैं,जब्त डोडा की कीमत लगभग 25 लाख रुपए है।गाड़ी के चालक और उपचालक को पकड़ा गया है।जिसमें संदीप रजक, संतोष राम दोनों गिरिडीह के रहने वाले हैं।इस मामले में कई और लोगों के शामिल होने की बात सामने आ रही है उनकी भी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।

