आदित्यपुर नगर निकाय चुनाव: वार्ड 9 की प्रत्याशी राखी मार्डी आई सामने…प्रेमी संग फरार होने की बात को पूरी तरह से किया खारिज, दर्ज करायी शिकायत..

 

सरायकेला।झारखण्ड के आदित्यपुर नगर निगम चुनाव की सरगर्मी के बीच वार्ड संख्या 9 की प्रत्याशी राखी मार्डी ने खुद के ‘प्रेमी संग फरार’ होने की बात को पूरी तरह से सिरे से खारिज कर दिया है।शुक्रवार को आरआईटी थाने पहुंचकर उन्होंने स्पष्ट किया कि वे कहीं फरार नहीं हुई थीं, बल्कि चुनावी कार्यों और व्यय कोषांग में हिसाब देने में व्यस्त थीं। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को विरोधियों द्वारा रची गई चुनावी साजिश करार दिया है।

वार्ड नंबर 9 की प्रत्याशी ​राखी मार्डी ने अपने पति राकेश मार्डी पर आरोप लगाया कि उन्होंने राजनीतिक विरोधियों के साथ मिलकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की है।राखी के अनुसार उनके और उनके पति के बीच पिछले 6 महीनों से संबंध तनावपूर्ण चल रहे हैं। पति को उनका चुनाव लड़ना पसंद नहीं था, इसलिए उन्होंने अनर्गल आरोप लगाए।राखी ने दावा किया कि उनके पति का किसी अन्य महिला के साथ संबंध है, जिसका विरोध करने पर उन्हें इस तरह बदनाम किया जा रहा है।

राखी मार्डी ने बताया कि उनके समर्थक प्रेमचंद मार्डी और प्रस्तावक राघव बेसरा को उनके पति ने फोन कर जान से मारने की धमकी दी है।उन्होंने स्पष्ट किया कि वे शनिवार से अपने चुनावी जनसंपर्क अभियान की विधिवत शुरुआत करेंगी और जनता के बीच जाकर विरोधियों के झूठ का पर्दाफाश करेंगी।

​राखी मार्डी ने इस पूरे प्रकरण को लेकर आरआईटी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने मांग की है कि चुनाव के समय उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वालों पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए। फिलहाल, इस ड्रामे ने वार्ड 9 के चुनावी मुकाबले को और अधिक दिलचस्प बना दिया है।

error: Content is protected !!