तस्करी का तरीका देखकर हैरान रह गई पुलिस, कैंटर में कोयले के बीच छिपा था गांजा…तीन गिरफ्तार

 

डेस्क टीम/मैनपुरी। घिरोर पुलिस ने एएनटीएफ आगरा (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) की टीम के साथ शनिवार देर रात उड़ीसा से तस्करी कर अलीगढ़ ले जाया जा रहा 123 किलो गांजा सहित तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है।बरामद गांजा कैंटर में लदे कोयले के बीच छिपाकर ले जाया जा रहा था, जिसकी कीमत 12 लाख रुपये के करीब बताई गई है। रविवार को न्यायालय में पेश करने के बाद तीनों तस्करों को जेल भेज दिया गया है।

कंटेनर में लदे कोयले के बीच रखा था छिपाकर, 12 लाख बताई कीमत

पुलिस लाइन के सभागार में रविवार को एसपी गणेश प्रसाद साहा ने बरामद गांजा के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि शनिवार की रात मिली सूचना पर घिरोर एसओ अनुज चौहान ने एंटी नारकोटिक यूनिट आगरा के साथ क्षेत्र में वाहन चेकिंग शुरू की। तभी इटावा की ओर से एक कैंटर आता दिखाई दिया। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चालक ने उसे दौड़ा दिया। पीछा कर नगला केहरी के निकट घेराबंदी कर कैंटर रोक लिया।

 

घिरोर पुलिस ने एएनटीएफ आगरा की टीम के साथ की कार्रवाई

इस बीच कैंटर के आगे चल रही एक एसयूवी कार को भी कब्जे में लिया। तलाशी लेने पर कैंटर में लदे कोयले को हटाकर देखा तो उसमें 123 किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ है। कार्रवाई के दौरान तीन तस्करों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। बरामद गांजा की कीमत 12 लाख से अधिक बताई गई है।

पुलिस ने तस्करों को भेजा जेल

थाने लाकर पूछताछ करने पर तस्करों ने अपने नाम विशाल निवासी मुहल्ला नादा थाना रोरावर, सुनील कुमार निवासी मुहल्ला इंद्रा नगर खैर रोड देहली गेट अलीगढ़ और महेश यादव निवासी गांव खेड़ा सुल्तानपुर थाना हसायन हाथरस बताया। तस्करों ने बताया कि बरामद गांजा वह उड़ीसा से तस्करी कर अलीगढ़ ले जा रहे थे। जहां फुटकर में इसकी बिक्री करते, लेकिन तब तक पकड़े गए।

तीनों तस्करों को न्यायालय पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। कार्रवाई के दौरान एएसपी नगर अरुण कुमार सिंह, एएसपी ग्रामीण राहुल मिठास, सीओ कुरावली सच्चिदानंद मौजूद रहे।

error: Content is protected !!