पुलिस जवान की सड़क दुर्घटना में मौत…पलामू में 2009 से थे तैनात, पुलिस लाइन के पास हुआ हादसा
पलामू।झारखण्ड पुलिस के जवान ओरिया हेंब्रम को शनिवार को पलामू पुलिस लाइन में अंतिम सलामी दी गई। इसके बाद उनका पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए पैतृक गांव पश्चिमी सिंहभूम के राजगंज भेज दिया गया।जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम जवान ओरिया हेंब्रम पलामू पुलिस लाइन के गेट पर जख्मी हालत में पाए गए थे। उन्हें तत्काल मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
एमएमसीएच में शव का पोस्टमॉर्टम किया गया। इसके बाद पार्थिव शरीर को पुलिस लाइन लाया गया, जहां अवर निरीक्षक नागेंद्र चौधरी के नेतृत्व में उन्हें सलामी दी गई।
ओरिया हेंब्रम वर्ष 1999 में झारखण्ड पुलिस में शामिल हुए थे। वे 2009 से पलामू जिले में पदस्थापित थे और मनातू, छतरपुर, दंगवार सहित कई स्थानों पर अपनी सेवाएं दे चुके थे। पिछले चार महीने से वे पुलिस लाइन में ड्यूटी कर रहे थे।
ओरिया हेंब्रम के परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। पार्थिव शरीर को पैतृक गांव भेजने से पहले, पुलिस मेंस एसोसिएशन ने दाह संस्कार के लिए परिजनों को 25,000 रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की। उनके भतीजे और चाचा शव लेने के लिए आए थे।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में एसडीपीओ सदर मणिभूषण प्रसाद, परिचारी प्रवर सुरेश राम, परिचारी विमल कुमार चंद्रवंशी, पुलिस मेंस एसोसिएशन के उपाध्यक्ष जय प्रकाश पूरी, कोषाध्यक्ष विक्रांत दुबे, सचिव लालू उरांव, केंद्रीय सदस्य मोहम्मद इसराइल, अंकेक्षक सुनील कुमार, प्रक्षेत्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह सहित पदाधिकारी एसोसिएशन के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष और संयुक्त सचिव समेत अन्य अधिकारी व सदस्य उपस्थित थे।

