बोकारो:रेलवे स्टेशन के बाहर टेम्पो स्टैंड में युवक की गोली मारकर हत्या,जांच में जुटी है पुलिस..

 

बोकारो।झारखण्ड के बोकारो ज़िले में रविवार की देर शाम बोकारो रेलवे स्टेशन के पास बेखौफ अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद से पूरे स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार,रविवार शाम स्टेशन के टेम्पो स्टैंड के पास अचानक फायरिंग की आवाज से लोग सहम गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अज्ञात हमलावरों ने वहां खड़े सचिन यादव नामक युवक को निशाना बनाया और उस पर ताबड़तोड़ दो गोलियां दाग दीं। गोलियां सीधे सचिन के शरीर में जा लगीं,जिससे वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा।वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहे।अचानक हुई इस फायरिंग से स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और स्थानीय दुकानदारों के बीच अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों द्वारा शोर मचाने और पुलिस को सूचित करने के बाद, जीआरपी थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और घटनास्थल पर पहुंची।पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल सचिन यादव को तुरंत बोकारो जनरल अस्पताल पहुंचाया।हालांकि, अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है।।पुलिस अब इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुट गई है। पुलिस स्टेशन और आसपास के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या यह मामला आपसी रंजिश या किसी पुराने विवाद से जुड़ा है।

error: Content is protected !!