बच्चा चोरी के शक में ग्रामीणों की पिटाई से घायल युवक की रिम्स में मौत,जांच में जुटी है पुलिस…
राँची।झारखण्ड के चतरा जिले के पिपरवार थाना क्षेत्र के किचटो गांव में रविवार को बच्चा चोरी की अफवाह ने एक युवक की जान ले ली। ग्रामीणों ने बच्चा चोर होने के शक में 40 वर्षीय रामबली रजवार की बेरहमी से पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और किसी तरह उसे ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर बचरा क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया, लेकिन देर रात उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद पुलिस दोबारा उसे अस्पताल ले गई, जहां से चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया, जहां देर रात इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया मृतक 40 वर्षीय रामबली रजवार रामगढ़ जिले के बरवाटोली का निवासी था। परिजनों के अनुसार, वह मिर्गी की बीमारी से पीड़ित था और इलाज के सिलसिले में मैकलुस्कीगंज आया था। पिछले कुछ दिनों से उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी, जिसके कारण वह भटकते हुए किचटो गांव पहुंच गया। इसी दौरान ग्रामीणों ने उसे बच्चा चोर समझकर पीट दिया। परिजन दो दिनों से उसकी तलाश कर रहे थे। सोशल मीडिया के माध्यम से घटना की जानकारी मिलने पर वे पिपरवार थाना पहुंचे, जहां उन्हें उसकी मौत की सूचना मिली। थाना प्रभारी अभय कुमार ने बताया कि घटना से संबंधित वीडियो फुटेज की जांच की जा रही है। पिटाई में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही एसडीपीओ ने ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और कानून को अपने हाथ में न लें।
टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार,ने कहा कि बच्चा चोरी के शक में पिटाई की सूचना मिलते ही पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर भेजी गई थी। पुलिस ने घायल युवक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार कर रिम्स रेफर किया गया था। रिम्स इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

