पलामू में सड़क दुर्घटना में स्पेशल ब्रांच के जवान की मौत, छानबीन में जुटी पुलिस

 

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले में सड़क हादसे में स्पेशल ब्रांच के जवान शिव कुमार रवि की मौत हो गई है। वह 2005 बैच के झारखण्ड पुलिस के सिपाही थे।स्पेशल ब्रांच में फिलहाल वह पलामू के रेहला थाना क्षेत्र में तैनात थे।घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

कांस्टेबल शिव कुमार रोड थाना क्षेत्र के भदुमा गांव के रहने वाले थे।वह रेहला थाना क्षेत्र के बीमोड़ के पास एक गांव जा रहे थे, इसी क्रम में वह नेशनल हाइवे पर सड़क हादसे का शिकार हो गए। ग्रामीण एवं परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती करवाया।जहां डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया था।

रिम्स ले जाने के क्रम में उनकी मौत हो गई।शिव कुमार को सिर और पैर में गंभीर रूप से चोट लगी थी। शव का पोस्टमार्टम मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव को पलामू लाइन में लाया जाएगा। जहां अंतिम सलामी दी जाएगी।

इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद पलामू के सार्जेंट मेजर सुरेश कुमार राम समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए।शिवकुमार रवि के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि शिवकुमार रवि की ड्यूटी रेहला और विश्रामपुर थाना क्षेत्र में थी। वह सोमवार की शाम करीब 4:00 बजे पैदल रेहला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान केतात गांव के समीप डायवर्सन के पास अज्ञात वाहन ने उन्हें पीछे से धक्का मार दिया। वाहन के धक्के से गिरकर शिवकुमार रवि गंभीर रूप से घायल हो गए।

सार्जेंट मेजर ने बताया कि सड़क हादसे में कांस्टेबल शिव कुमार रवि की मौत हुई है। पोस्टमार्टम होने के बाद पुलिस लाइन में कांस्टेबल को सलामी दी जाएगी।मामले में मृतक की पत्नी का बयान दर्ज किया गया है।

error: Content is protected !!