गुमला पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया PLFI सुप्रीमो, 15 लाख का था इनाम घोषित
गुमला।पीपल्स लिब्रेसन फ्रंट ऑफ इंडिया यानी पीएलएफआई को बहुत बड़ा झटका लगा है।गुमला पुलिस ने पीएलएफआई सुप्रीमो मार्टिन केरकेट्टा को एनकाउंटर में मार गिराया है।मार्टिन पर झारखण्ड पुलिस ने 15 लाख का इनाम घोषित कर रखा था।गुमला के कामडारा में मार्टिन गुमला एसपी हारिश बिन जमा और उनकी टीम के साथ हुए एनकाउंटर में मारा गया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मार्टिन अपनी टीम के साथ कामडारा में किसी कारोबारी से लेवी लेने के लिए पहुंचा था, जिसकी सूचना गुमला एसपी को मिली थी।मिली सूचना के आधार पर गुमला एसपी के द्वारा एक टीम का गठन कर मार्टिन की घेराबंदी की गई।
नक्सल विरोधी अभियान में गुमला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कुछ दिन पूर्व ही पुलिस ने मुठभेड़ में जेजेएमपी के तीन उग्रवादियों को घाघरा में मार गिराया था और इसके बाद बीती रात उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के कुख्यात कमांडर मार्टिन केरकेट्टा को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। झारखण्ड सरकार के द्वारा कुख्यात कमांडर के ऊपर 15 लाख रुपया का इनाम घोषित था। पुलिस को सूचना मिली थी कि कामडारा के पारही चंगाबाड़ी के घने जंगलों में कमांडर अपने 8 से 10 सहयोगियों के साथ किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की रणनीति बना रहा है। इस सूचना पर बीती रात एसपी ने विशेष टीम का गठन करते हुए सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस के आने की भनक लगते ही उग्रवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी। तत्काल पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की। करीब 1 घंटे की मुठभेड़ के बाद उग्रवादी घने जंगलों की ओर भाग निकले। सर्च ऑपरेशन में पुलिस ने एक शव बरामद किया, जिसकी पहचान कमांडर मार्टिन केरकेट्टा के रूप में हुई। पुलिस ने मौके से हथियार भी बरामद किए। सूचना यह भी है कि 2 से 3 उग्रवादियों को गोली लगी है।
मार्टिन केरकेट्टा संगठन की कमान संभाल रहा था। मार्टिन दिनेश गोप के साथ एक साथ लापुंग स्कूल में पढ़ाई की थी। दिनेश गोप की गिरफ्तारी के बाद लगातार मार्टिन संगठन को मजबूत कर रहा था लेकिन पुलिस की इस कार्रवाई से पीएलएफआई को बड़ा झटका लगा है। मार्टिन के खिलाफ विभिन्न थानों में 100 से अधिक मामले दर्ज हैं। आशंका जाहिर की जा रही है कि कई उग्रवादी अब भी घने जंगलों में आश्रय लिए हुए हैं और पुलिस की कार्रवाई जारी है।
गुमला एसपी ने बताया कि पुलिस की कारवाई में 15 लाख का इनामी पीएलएफआइ का सुप्रीमो मार्टिन केरकेटा मारा गया है।आगे की कार्रवाई जारी है।
गौरतलब है कि एनआईए और झारखण्ड पुलिस के संयुक्त प्रयास के बाद पीएलएफआई के सुप्रीमो दिनेश गोप को नेपाल से गिरफ्तार किया गया था।दिनेश गोप के जेल जाने के बाद मार्टिन को संगठन का सुप्रीमो बनाया गया था।दिनेश गोप पर भी 25 लाख रुपए का इनाम घोषित था। दिनेश गोप के गिरफ्तार होने के बाद मार्टिन ही पीएलएफआई की पूरी कमान संभाल रहा था और जगह-जगह पर वारदातों को अंजाम दिलवा कर पीएलएफआई के नाम पर खौफ पैदा कर रहा था।मार्टिन के द्वारा सबसे ज्यादा रंगदारी मांगने की वारदातों को अंजाम दिए जा रहे थे।

