कई वर्षों से पुलिस को चकमा दे रहा था कुख्यात गौतस्कर, चतरा पुलिस ने दबोचा; करीब दो दर्जन केस दर्ज
-गुप्त सूचना पर पुलिस ने घर में दबोचा, लंबे समय से चल रहा था फरार; हत्या प्रतिषेध और पशु क्रूरता समेत कई गंभीर मामलों में दर्ज हैं केस
चतरा। चतरा पुलिस ने गौवंशीय पशुओं की अवैध तस्करी और वध के मामलों में लंबे समय से वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। सदर थाना क्षेत्र की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मो. अनवर उर्फ नेपाली कुरैशी, पिता मो. सेराज कुरैशी, निवासी विण्ड मोहल्ला, शहादत चौक, थाना सदर, जिला चतरा को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक, चतरा को गुप्त सूचना मिली थी कि करीब दो दर्जन मामलों में वांछित और फरार चल रहा मो. अनवर उर्फ नेपाली कुरैशी अपने घर आया हुआ है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उसके सत्यापन और गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर चतरा के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।टीम ने बिना समय गंवाए कार्रवाई की और बताए गए ठिकाने पर छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ 2013 से लेकर 2026 तक सदर थाना और कुंदा थाना में दो दर्जन के करीब मामले दर्ज हैं। इनमें गौवंशीय पशुओं की अवैध तस्करी, पशु क्रूरता, गौवंशीय पशु हत्या प्रतिषेध अधिनियम से जुड़े मामलों के अलावा मारपीट, हत्या के प्रयास, चोरी, लूट/संपत्ति संबंधी अपराध, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने तथा अन्य गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं।आपराधिक इतिहास से पता चलता है कि आरोपी के खिलाफ वर्ष 2013 में पहला मामला दर्ज हुआ था, जिसके बाद लगातार अलग-अलग वर्षों में उसके खिलाफ मामले दर्ज होते रहे।
आरोपी के खिलाफ दर्ज मामलों में विशेष रूप से झारखंड गौवंशीय पशु हत्या प्रतिषेध अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम से जुड़े कई मामले शामिल हैं। वर्ष 2016, 2017, 2018, 2019, 2020, 2021, 2022, 2024 और 2025 में भी उसके खिलाफ ऐसे मामले दर्ज होने की बात पुलिस रिकॉर्ड में सामने आती है।इसके अलावा हाल के वर्षों में उसके खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत भी मामले दर्ज किए गए हैं। वर्ष 2026 में भी सदर थाना कांड संख्या 82/2026 में उसके खिलाफ मामला दर्ज होने का उल्लेख पुलिस ने किया है।
पुलिस का कहना है कि लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने और कई मामलों में वांछित होने के कारण आरोपी की तलाश की जा रही थी। गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उसके घर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।इस कार्रवाई को चतरा पुलिस की ओर से फरार और वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा माना जा रहा है।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गठित टीम में सन्नी वर्धन, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर चतरा, अनिल उरांव, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी, सदर थाना चतरा, पुलिस अवर निरीक्षक मनीष कुमार, सदर थाना तथा थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद उसके खिलाफ अग्रतर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

