शादी का झांसा देकर युवती से होटल में दुष्कर्म का आरोप, गर्भवती होने पर कराया गर्भपात; चुटिया थाने में एफआईआर दर्ज

 

राँची। राजधानी राँची में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म और गर्भवती होने के बाद जबरन गर्भपात कराने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर चुटिया थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। प्राथमिकी में युवती ने एक युवक पर प्रेम संबंध बनाने के बाद शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने, गर्भवती होने के बाद गर्भपात कराने और बाद में शादी से मुकरने का गंभीर आरोप लगाया है।

एफआईआर के अनुसार,  26 वर्षीय पीड़िता है और राँची में स्टेशन रोड में एक होटल में काम करती है। इससे पहले वह राँची के एक निजी अस्पताल के फूड एंड बेवरेज विभाग में काम करती थी। इसी दौरान उसकी पहचान सुमंत कुमार महतो से हुई। दोनों के बीच बातचीत और मुलाकात बढ़ी। युवती का आरोप है कि आरोपी ने उससे प्रेम का इजहार करते हुए शादी करने का भरोसा दिया।

होटल में बुलाकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप
एफआईआर में युवती ने आरोप लगाया है कि 5 जून 2025 को आरोपी ने उसे राँची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित स्टेशन रोड के एक होटल में मिलने के लिए बुलाया। वहां आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया। युवती के विरोध के बावजूद आरोपी ने उसकी बात नहीं मानी।आरोप है कि बाद में आरोपी ने शादी का भरोसा देते हुए युवती की मांग में सिंदूर भी डाला और कहा कि वह उससे सामाजिक रूप से विवाह करेगा। इस भरोसे के बाद युवती आरोपी के संपर्क में बनी रही।

गर्भवती होने के बाद गर्भपात कराने का आरोप
एफआईआर के मुताबिक, करीब एक महीने बाद युवती को गर्भवती होने की जानकारी मिली। उसने इसकी जानकारी आरोपी को दी। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर उसे होटल में बुलाया और कुछ गोलियां दीं। युवती का आरोप है कि गोलियां खाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ी और उसका गर्भपात हो गया।

शादी के लिए पांच लाख रुपये मांगने का आरोप
युवती ने एफआईआर में आरोप लगाया है कि आरोपी बाद में भी उसे शादी का भरोसा देता रहा। लेकिन जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने कथित तौर पर पांच लाख रुपये की मांग की। युवती का दावा है कि आरोपी को पहले ही करीब तीन लाख रुपये दिए जा चुके थे और इसके बावजूद उससे अतिरिक्त 3.50 लाख रुपये की मांग की जा रही थी।मामले को लेकर युवती आरोपी के परिवार से भी मिली और शादी कराने की बात रखी। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी और फोन उठाना भी बंद कर दिया।

पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, जांच शुरू
मामले में चुटिया थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब युवती के बयान, आरोपी से जुड़े साक्ष्य, होटल में मौजूदगी, मोबाइल बातचीत, कथित पैसों के लेन-देन और गर्भपात से जुड़े मेडिकल दस्तावेजों की जांच कर सकती है।युवती राँची जिले और आरोपी युवक बोकारो जिले का रहने वाला है।

चुटिया थाना प्रभारी पूनम कुजूर ने कहा-मामले की जांच जारी, कोर्ट में दर्ज कराया गया युवती का बयान

चुटिया थाना प्रभारी पूनम कुजूर ने बताया कि मामले की पुलिस जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ सामने आया है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को युवती का बयान न्यायालय में दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि जांच और कार्रवाई दोनों जारी हैं।

 

error: Content is protected !!