चाचा का हत्यारा भतीजा गिरफ्तार:नशे में चाचा ने धमकाते हुए चला दी थी द‌उली, गुस्से में भतीजे ने पत्थर से कूच मार डाला था…

राँची।तुपुदाना ओपी क्षेत्र के कर्रा रोड में बंडा के पास पत्थर से कूच कर भैयाराम मिंज उर्फ चरकू की हत्या बीते दिनों कर दी गई थी। पुलिस ने इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली है। भतीजे ने ही चाचा की हत्या की थी। हत्या के अभियुक्त महेश मिंज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

राँची के सिटी एसपी राजकुमार मेहता ने बुधवार को प्रेसवार्ता में बताया कि अनुसंधान के क्रम में इस बात की जानकारी सामने आई कि महेश मिंज ने ही भैया राम मिंज की हत्या की थी। महेश मिंज मृतक का अपना भतीजा है। घटना वाले दिन भैयाराम मिंज शराब पीने के लिए सुलेमान तिर्की के घर गया था। वह शराब पीकर वापस एक बार अपने घर आ गया था। शाम में छह बजे फिर वह शराब पीने के लिए सुलेमान तिर्की के घर गया। उसके हाथ में एक दउली थी।उसी समय महेश भी वहां से गुजर रहा था। भैयाराम ने उसे देखा तो कहा कि तुम इधर क्या कर रहे हो। इसके बाद उसने महेश पर दउली चला दी। महेश तो बच गया, लेकिन भैयाराम गिर गया। भैयाराम की इस हरकत से महेश ने गुस्से में आकर उस पर पत्थर चला दिया। पत्थर उसके सिर में जा लगा और वह वहीं गिर गया। उसे लगा कि कहीं भैयाराम बच गया तो वह फंस जाएगा। इस वजह से उसने फिर दो-तीन बार उसके सिर पर पत्थर से वार कर दिया। जब महेश आश्वस्त हो गया कि भैयाराम की मौत हो चुकी है, तब वह वहां से हटा।

घटना के बाद मृत भैयाराम मिंज की बेटी पूनम मिंज ने शक के आधार पर तुपुदाना ओपी में सुलेमान तिर्की और अमित तिर्की के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई थी। सिटी एसपी ने बताया कि घटना के समय महेश ने जो कपड़े पहन रखे थे, उसे बरामद कर लिया गया है। उसके कपड़े में खून लगा हुआ था। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए हटिया डीएसपी राजा कुमार मित्रा के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई थी। जिसमें तुपुदाना ओपी प्रभारी मीरा सिंह, दारोगा अमित कुमार पासवान सहित अन्य शामिल थे।