नक्सलियों ने सड़क निर्माण स्थल पर की फायरिंग,बाइक पर सवार होकर 5 की संख्या में आए थे नक्सली,जांच में जुटी पुलिस
पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले में प्रतिबंधित नक्सली संगठन टीएसपीसी के द्वारा रोड निर्माण स्थल पर फायरिंग की गयी है। फायरिंग की घटना को अंजाम देने के बाद नक्सली फरार हो गए।रविवार की देर शाम पलामू में नावाजयपुर थाना क्षेत्र में रोड कंस्ट्रक्शन साइट पर दो बाइक से पांच की संख्या में नक्सली पहुंचे। बाइक सवार नक्सली खुद को टीएसपीसी का सदस्य बताते हुए फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।
टीएसपीसी रोड निर्माण स्थल पर लेवी मांगने के इरादे से पहुंचे थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद नावाजयपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई है और पूरे मामले में छानबीन शुरू कर दी है।इलाके में टीएसपीसी के नक्सलियों के खिलाफ सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
इधर एसपी रीष्मा रमेशन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है और पूरे मामले में छानबीन की जा रही है।
बताया जा रहा है कि बाइक सवार खुद को टीएसपीसी के नक्सली सबजोनल कमांडर नगीना के दस्ते का सदस्य बता रहे थे।दहशत फैलाने के इरादे से सभी ने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया है।एक लंबे अरसे के बाद पलामू के इलाके में नक्सलियों के तरफ से किसी कंस्ट्रक्शन साइट पर फायरिंग हुई है।जिस इलाके में यह फायरिंग की घटना हुई है वह टीएसपीसी का प्रभाव वाला माना जाता रहा है।इलाके में पहले भी कई बार मुठभेड़ हो चुकी है जबकि पूरे इलाके में टीएसपीसी के जोनल कमांडर शशिकांत गंझू का प्रभाव है।

