तैयार धान पर गिरा 11 हजार वोल्ट तार..जलने से लाखों का नुकसान, किसानों ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप

 

कोडरमा।झारखण्ड के कोडरमा जिले के जयनगर प्रखंड के डंडाडीह पंचायत के कंझियाडीह गांव में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। खलिहान में रखी तैयार धान की फसल पर अचानक 11 हजार वोल्ट का बिजली का तार गिर गया। इस घटना में गांव के लगभग आधे दर्जन किसानों की धान की फसल जलकर खाक हो गई, जिससे उन्हें लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।जिन किसानों को इस घटना में नुकसान हुआ है,उनमें कुलेश्वर राणा,कौलेश्वर साव,कुंती देवी,फूलमती देवी,सुंदरी देवी और पुष्पा देवी शामिल हैं।पीड़ित किसानों ने बताया कि गनीमत रही कि जिस समय यह हादसा हुआ,उस समय खलिहान में न तो कोई किसान मौजूद था और न ही कोई जानवर,जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।

किसानों ने इस नुकसान के लिए बिजली विभाग को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि 11 हजार वोल्ट का यह तार गांव से होकर गुजरता है,जबकि इसे किसी अन्य सुरक्षित रास्ते से ले जाया जा सकता था। किसानों ने बताया कि उनका खलिहान यहां वर्षों से है, बावजूद इसके बिजली विभाग ने इसी ओर से हाई टेंशन तार गुजारा।इस लापरवाही के कारण हुए लाखों के नुकसान के लिए किसान अब बिजली विभाग से मुआवजे की मांग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वे इस संबंध में बिजली विभाग को एक पत्र भी लिखेंगे।इधर, कंझियाडीह गांव के मुखिया प्रतिनिधि महेश साव ने कहा कि हुए नुकसान को लेकर वे किसानों के साथ फिलहाल एमओ से मिले हैं। जहां एमओ ने राशन डीलर को पीड़ितों को 10-10 किलो अनाज देने को कहा है। साथ ही आपदा प्रबंधन के तहत सीओ से मिलकर तकाल मदद दिलाने की बात कही। उन्होंने कहा कि इसके अलावे वे बिजली विभाग के अधिकारियों से मिलकर भी पीड़ितों को मुआवजा देने के लिए पत्र लिखकर आग्रह करेंगे।

error: Content is protected !!