Khunti:लिव इन रिलेशन में रहने वाले 100 जोड़ों का हुआ सामूहिक विवाह,प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने नव-विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद और शुभकामनाएं दी

खूँटी।झारखण्ड के खूँटी जिला प्रशासन और निमित्त संस्था की सहयोग से रविवार को बिरसा कॉलेज फुटबॉल स्टेडियम परिसर में लिव इन रिलेशन में रहनेवाले 100 जोड़ों का सामूहिक विवाह किया गया।इस वैवाहिक कार्यक्रम में पहान और पुजारियों द्वारा पारंपरिक तरीके से विवाह संपन्न कराकर लिव इन रिलेशन में रहने वालों को सामाजिक मान्यता दिलाया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सत्यप्रकाश ने नव विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद और शुभकामनाएं दी।

इस शुभ कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट जज श्री सत्यप्रकाश ने कहा कि झारखण्ड के गांवों में हजारों ऐसे जोड़ें हैं जिनका औपचारिक विवाह नहीं हुआ है।लिव इन रिलेशन में रहने वाले परिवारों को गांव में सम्मान की दृष्टि से नहीं देखा जाता है। जिससे असुरक्षा की भावना बनी रहती है और कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।ऐसे परिवारों के लिए यह कार्यक्रम उम्मीद जगाता है। बिना शादी के साथ रहने वाले जोड़ों को अब नई दिशा मिली है।

वहीं,उपायुक्त शशि रंजन ने कहा कि लिव इन रिलेशन में रहने वाले जोड़ों की सामूहिक विवाह से हजारों परिवारों के लिए उम्मीद जगी है।उन्हें सामाजिक रूप से सम्मान दिलाया जा सकेगा।कहा कि नव विवाहित जोड़ों को जिला प्रशासन की ओर से सभी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जायेगा।उन्हें रजिस्टर्ड विवाह प्रमाण पत्र भी उपलब्ध कराया जायेगा। महिलाओं को जेएसएलपीएस की सखी मंडल से जोड़कर उनका आर्थिक विकास सुनिश्चित किया जायेगा।

ढुकु को झेलनी पड़ती है काफी परेशानी

निमित्त संस्था की सचिव निकिता सिन्हा ने बताया कि झारखण्ड के गांवों में लिव इन रिलेशन में रहने वाले जोड़ों को ढुकु कहा जाता है। उन्हें समाज में कई प्रकार की परेशानियां झेलनी पड़ती है। संस्था द्वारा ऐसे जोड़ों को सामाजिक मान्यता दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।मौके पर संस्था के जिला कोऑर्डिनेटर अनिल कुमार, मनोज कुमार, निशा कुमार, वीके सिन्हा सहित अन्य उपस्थित थे।