खूंटी:अमरदीप गोप हत्याकांड का खुलासा,आरोपी बम्बईया गिरफ्तार
खूंटी।झारखण्ड के खूंटी जिला में कर्रा थाना क्षेत्र के विलसिरिंग के डुमरगढ़ी जंगल से 1 जून को बरामद हुए अधजले शव मामले का पुलिस ने गुरुवार को खुलासा कर दिया। पुलिस छानबीन में तीन दिन बाद पहचान हुआ शव 23 वर्षीय अमरदीप गोप का था। उसकी हत्या पूर्व में पीएलएफआई उग्रवादी केस में जेल जा चुका आरोपी अर्जुन कच्छप उर्फ प्रेम कच्छप उर्फ बम्बइया ने की थी।अमरदीप अर्जुन कच्छप उर्फ बम्बइया की पत्नी का चचेरा भाई है। अमरदीप की बहन घूमने के विचार से अपनी दीदी के घर आई थी।इसी दौरान बम्बइया का उसके साथ नजदीकी बढ़ी। इस बीच दोनों की कहासुनी हुई और बम्बइया ने अमरदीप को दारू पार्टी के लिए बुलाया। अमरदीप जब नशे में डूब गया तो बम्बइया में उसका गला रेतकर, उसके चेहरे को पत्थर से कूचकर खराब कर दिया। शव की पहचान छिपाने के लिए बम्बइया ने उसके चेहरे पर कपड़ा लपेट कर आग लगा दी।
गुरुवार को एएसपी क्रिस्टोफर केरकेट्टा ने प्रेस कांफ्रेंस कर हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि 23 वर्षीय अमरदीप गोप पंडरा का निवासी था। आरोपी अर्जुन कच्छप उर्फ प्रेम कच्छप उर्फ बम्बइया पूर्व में पीएलएफआई के केस में कर्रा व लापुंग से जेल जा चुका है।कई हत्या के केस में फरार लाल वारंटी था।उस पर तोरपा, कर्रा, बेड़ो व लापुंग थाना में कुल 8 केस दर्ज हैं।उसकी गिरफ्तारी डूमरगढ़ी स्थित उसके घर से हुई उसके पास से अपाची बाइक, चार मोबाइल, पांच सिम कार्ड व मृतक का एटीएम भी पुलिस ने बरामद किया है।
इस छापामारी दल में एएसपी क्रिस्टोफर केरकेट्टा, इंस्पेक्टर अशोक सिंह, थाना प्रभारी मनीष कुमार, पुअनि जुगेश सिंह, प्रवीण कुमार सहित जिला के सशत्र बल शामिल रहे।

