सड़क हादसे में पत्रकार की मौत,इलाके में शोक की लहर…

 

रामगढ़।झारखण्ड के रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड क्षेत्र में रविवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। बेटुलकला निवासी पत्रकार लाल किशोर महतो की लगभग 10 बजे दुर्घटना में मौत हो गई।घटना के बाद क्षेत्र में शोक और स्तब्धता का माहौल है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लाल किशोर महतो अपनी स्कॉर्पियो से घर लौट रहे थे।इसी दौरान डुंडीगाछी के समीप उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। वाहन के नीचे दब जाने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही गोला पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।हर कोई इस दुखद समाचार से स्तब्ध नजर आया।

घटना की जानकारी मिलते ही रामगढ़ विधायक ममता देवी समेत कई जनप्रतिनिधि और समाजसेवी अस्पताल पहुंचे। मगनपुर मुखिया नुरुल्लाह अंसारी, पूर्व मुखिया बजरंग महतो, नव कुमार महतो, संतोष चौधरी, अमित महतो और राजेश महतो सहित कई लोगों ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।पत्रकार साथियों में भी गहरा दुख देखा गया। सभी ने इसे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

लाल किशोर महतो एक निर्भीक और जनसमर्पित पत्रकार के रूप में अपनी अलग पहचान रखते थे।वे सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते थे।क्षेत्र की छोटी-बड़ी समस्याओं को उन्होंने अपनी लेखनी के माध्यम से प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य किया। उनके सरल, मिलनसार और सहयोगी स्वभाव के कारण वे आम लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय थे।हर व्यक्ति के सुख-दुख में साथ खड़े रहने की उनकी आदत ने उन्हें समाज के हर वर्ग का प्रिय बना दिया था।

लाल किशोर महतो अपने पीछे पत्नी मुन्नी किशोर महतो और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी पूर्व में मुखिया रह चुकी हैं।घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सोमवार सुबह तक उनका पार्थिव शरीर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला में रखा गया था।पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ भेज दिया।इस असामयिक निधन से गोला ने एक कर्मठ और प्रतिबद्ध पत्रकार को खो दिया है।उनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।

error: Content is protected !!