#corona:झारखण्ड के टुंडी से जेएमएम विधायक मथुरा महतो को अब पूरी तरह से स्वस्थ हो चुके हैं,बुधवार को उनकी कोरोना की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई…

Jamshedpur:टुंडी से जेएमएम विधायक मथुरा महतो को अब पूरी तरह से स्वस्थ हो चुके हैं। बुधवार को उनकी कोरोना की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई जिसके बाद जमशेदपुर के TMH से उन्हें छुट्टी दे दी गई। अब वो अपने धनबाद स्थित आवास पर 14 दिन क्वारंटाइन रहेंगे। इस दौरान भी उन्हें लोगों से मिलने जुलने की मनाही होगी।

5 बार आए थे पॉजिटिव

टुंडी के विधायक मथुरा प्रसाद महतो 7 जुलाई को संक्रमण की पुष्टि होने के बाद से अस्पताल में भर्ती थे। पहले उन्हें धनबाद के ही कोविड वार्ड में एडमिट कराया गया था लेकिन बाद में सांस लेने में तकलीफ बढ़ जाने के कारण उन्हें जमशेदपुर के TMH में रेफर कर दिया गया था। तब से लेकर 5 अगस्त यानी आज तक वो TMH में ही इलाज करा रहे थे। इस दौरान उनकी तबीयत में लगातार सुधार आती गई लेकिन जब भी कोविड-19 की जांच होती वो पॉजिटिव आ जाते। इस कारण उन्हें अस्पताल से छुट्टी नहीं दी जा रही थी। बताया जा रहा है कि 5 बार उनकी जांच हो चुकी थी जिसमें वो पॉजिटिव आए थे, लेकिन छठी जांच रिपोर्ट उनकी निगेटिव आई, जिसके बाद वो अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिए गए।

पार्टी, परिवार की अटकी थी सांसें

लगातार रिपोर्ट पॉजिटिव आने के कारण पार्टी, परिवार और मथुरा महतो के समर्थकों की सांसें अटकी थी। सभी डॉक्टरों से लगातार संपर्क में थे। खुद सीएम हेमंत सोरेन बीच-बीच में उनका हाल चाल जान रहे थे और सांत्वना दे रहे थे कि सबकुछ ठीक हो जाएगा। 29 दिन बाद मथुरा महतो के शुभचिंतकों की दुआ रंग लायी और पॉजिटिव से निगेटिव हो गए।

11 दिन में ठीक हुए थे सीपी सिंह

राँची के बीजेपी विधायक सीपी सिंह ने सबसे कम दिनों में कोरोना को हरा दिया। उनमें 22 जुलाई को संक्रमण की पुष्टि हुई थी। 2 अगस्त को उनकी रिपोर्ट निगेटिव आ गई और रांची के रिम्स स्थित कोविड वार्ड से डिस्चार्ज कर दिया गया। हालांकि वो अभी भी होम क्वारंटाइन में हैं।

14 दिन में स्वस्थ हुए मंत्री मिथिलेश ठाकुर

मंत्री मिथिलेश ठाकुर को कोरोना की जंग जीतने में 14 दिन लगे। वो 7 जुलाई को संक्रमण की शिकायत के बाद रांची के रिम्स में एडमिट हुए थे। उस वक्त उनके साथ उनकी बेटी भी थी। 21 जुलाई को दोनों की रिपोर्ट निगेटिव आई, जिसके बाद रिम्स से उन्हें छुट्टी दे दी गई। बताया जा रहा है कि तीसरी दफा उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई। यानी दो बार जांच किए जाने पर वो पॉजिटिव निकले थे। उनकी होम क्वारंटाइन अवधि भी अब पूरी हो चुकी है।