Jharkhand:टेम्पू पलटने से आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल,सभी पूजा कर घर लौट रहे थे

चाईबासा।जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के बड़ानन्दा चौक पर सड़क दुर्घटना मे आधा दर्जन से ज्यादा युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि सभी युवक जमशेदपुर के बागबेड़ा के रहने वाले हैं। घायलों का जगन्नाथपुर सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र में प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा रेफर कर दिया गया है। हादसा टेंपो के अनियंत्रित होकर पलटने से हुआ। सभी घायल टेंपो में सवार थे और मुर्गा महादेव मंदिर में पूजा कर वापस घर लौट रहे थे। तभी यह हादसा हुआ।

घायलों में जमशेदपुर बागबेड़ा थाना क्षेत्र के नया बस्ती निवासी संदीप कुमार दास, अकाश कुमार, अमन गुप्ता, राजा कुमार प्रसाद, निखिल कुमार,अकाश यादव, दीपक और टेंपो ड्राइवर अमीत कुमार शामिल है। दरअसल, सोमवार की सुबह जमशेदपुर के बागबेड़ा से 10 युवक एक टेंपो में सवार हो कर मुर्गा महादेव मंदिर पूजा कर वापस लौट रहे थे।

इसी दौरान जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के बड़ानन्दा चौक के पास सामने से आ रहे चार पहिया वाहन ने टेंपो को चकमा दे दिया। इससे टेंपो ड्राइवर असंतुलित हो गया और टेंपो घिसटते हुए सड़क पर पलट गया।

इससे टेंपो में सवार 8 युवक जख्मी हो गए। घायलों को 108 एम्बुलेंस से जगन्नाथपुर सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा रेफर कर दिया।