Jharkhand:जमीन विवाद में 60 वर्षीय व्यक्ति की हत्या कर दफना दिया,पुलिस ने शव बरामद किया

दुमका/काठीकुंड।मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के राजबांध पंचायत के जामकांदर गांव के 60 वर्षीय बलिया मुर्मू की जमीन विवाद में हत्या करने का मामला शनिवार की शाम प्रकाश में आया। हत्या शुक्रवार की देर रात की गई है। हत्यारों ने हत्या के बाद शव को काठीकुंड थाना क्षेत्र की कोदाछोला नदी में दफना दिया। हत्या कर शव दफनाने की सूचना मिलने पर शनिवार की शाम चार बजे मुफस्सिल थाना और काठीकुंड थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। घटना क्षेत्र काठीकुंड होने के कारण वहां की पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। जिसके बाद पोस्टमार्टम के लिए शव को मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।रविवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। देर शाम तक पुलिस मामले की छानबीन करती रही, जिस कारण मामला दर्ज नहीं हो सका था।

मिली जानकारी अनुसार शनिवार करीब तीन बजे नदी पार कर रहे कुछ ग्रामीणों की नजर नदी के समीप दफनाए गए शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।सूचना पर मुफस्सिल थाना प्रभारी नवल किशोर सिंह सदलबल मौके पर पहुंचे और छानबीन की। शव नदी के उस पार होने के कारण घटनास्थल काठीकुंड थाना क्षेत्र निकला। इसके बाद काठीकुंड थाना को सूचना दी गई उसके बाद थाना प्रभारी साकिब तनवीर मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया।

वहीं घटना के सम्बंध में मृतक के बेटे रोबिन मुर्मू ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार को उसके गांव में किसी बात को लेकर बैठक हुई थी। पिता भी बैठक में गए थे। देर शाम तक वे वापस नहीं आए। काफी खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चला। शनिवार की सुबह ग्रामीणों के साथ पिता को नदी के आसपास तलाशना शुरू किया। इसी क्रम में दोपहर को नदी की दूसरी ओर एक शव मिटटी में दबा हुआ दिखाई दिया। पहुंचने पर देखा कि उनके पिता का शव है।

भूमि विवाद में जताया हत्या का शक

मृतक के बेटा रोबिन ने बताया कि उसके पिता पहले असम के कोकराझार में रहते थे। दस साल पहले पैतृक गांव जामकांदर आकर खेती बारी करने लगे। गांव के एक व्यक्ति से जमीन का विवाद चल रहा था। आशंका है कि उसने ही हत्या कर शव को दफना दिया है। शराब पिलाने के बाद हत्या की आशंका

मामले को लेकर काठीकुंड थाना प्रभारी साकीब तनवीर ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है। गांव के किसी व्यक्ति से उसका विवाद चल रहा था।परिजनों का बयान लेकर नामजद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। वहीं मुफस्सिल थाना प्रभारी नवल किशोर ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए काठीकुंड पुलिस का हर संभव सहयोग किया जाएगा। जानकारी के अनुसार मृतक ने रात में किसी के साथ बैठकर शराब भी पी थी। आशंका है कि शराब पिलाने के बाद उसकी हत्या कर दी गई हो। साथ शराब पीने वालों की पहचान की जा रही है।