झारखण्ड का चुनाव विकास गाड़ी v/s बेल गाड़ी : संबित पात्रा

जमशेदपुर:झारखंड की विधानसभा चुनाव भारतीय जनता पार्टी के सुशासन और महागठबंधन की भ्रष्टाचार के मध्य है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा ने इसे विकास गाड़ी और बेल गाड़ी के बीच चुनावी संघर्ष बताया। कहा की जहाँ एक ओर विकास गाड़ी को पीएम नरेंद्र मोदी और झारखंड प्रदेश के मुख्यमंत्री रघुवर दास खींच रहे हैं। वहीं दूसरी ओर बेल गाड़ी (BAIL) को सोनिया गाँधी, राहुल गाँधी, पी. चिदंबरम सरीखे नेता खींच रहे हैं। उक्त बातें उन्होंने बुधवार की शाम झारखंड के जमशेदपुर में पत्रकार वार्ता को संबोधित करने के क्रम में कहा। उन्होंने पत्रकार वार्ता की शुरुआत माँ भुवनेश्वरी और माता रंकिनी को नमन करते हुए किया। कहा कि उनका जमशेदपुर और झारखंड से वर्षों पुराना रिश्ता है। बोकारो में स्कूली शिक्षा पूरी हुई है उस दौरान कई बार जमशेदपुर और राँची आना जाना लगा होता था। उन्होंने सिटिज़न अमेंडमेंट बिल पर भी विपक्ष पर भ्रम और धार्मिक विद्वेष फ़ैलाने का आरोप लगाया। कहा कि उस महत्वपूर्ण विषय को घुसपैठिये बनाम भारतीय के नज़रिए से देखना चाहिए ना कि हिंदू बनाम मुस्लिम के नज़रिए से। कहा कि घुसपैठियों और रोहंगिया को लेकर भारतीय जनता पार्टी का स्टैंड बिल्कुल स्पष्ट है, और हम सिटिज़न अमेंडमेंट बिल और एनआरसी का कड़ाई से लागू करने के पक्षधर हैं।

● अब विकास और कड़े निर्णयों के लिए सुविख्यात है झारखंड सरकार : संबित

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि झारखंड में स्थिर सरकार होना सबसे बड़ी उपलब्धि है। अस्थिर सरकार में अपेक्षित विकास संभव नहीं है। अस्थिर सरकारों के कारण ही सूबे का विकास अवरुद्ध था और नक्सलवाद, भ्रष्टाचार चरम पर थी। काँग्रेस ने एक निर्दलीय (मधु कोड़ा) को मुख्यमंत्री बनाकर चार हज़ार करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार करवाया। पहले घोटाले और भ्रष्टाचार के कारण झारखंड के नाम रिकॉर्ड दर्ज़ होते थें लेकिन स्थिर और डबल इंजन की सरकार ने इस परिपाटी को बदलकर सूबे से करप्शन के कलंक को मिटाया है। एक दिन में एक लाख युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की अनूठे कीर्तिमान स्थापित कर मुख्यमंत्री रघुवर दास की सरकार का नाम लिम्का बुक ऑफ़ रिकार्ड्स में दर्ज़ हो पाया है। उन्होंने महागठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि यदि सामान्य ज्ञान पर सवाल पूछा जाए कि काँग्रेस पार्टी के किन नेताओं पर भ्रष्टाचार के आरोप नहीं है तो लोग सोचने को मज़बूर हो जाएंगे। काँग्रेस, जेएमएम और महागठबंधन में शायद ही कोई ऐसा नेता हो जिनपर घोटाले, भ्रष्टाचार और गंभीर आपराधिक मामले दर्ज़ ना हो।

● जनता कह रही, अबकी बार पैंसठ पार : पात्रा

पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने डबल इंजन की सरकार के उल्लेखनीय उपलब्धियों को भी गिनाया और दावा किया कि सूबे की जनता भारतीय जनता पार्टी के साथ है और भाजपा पैंसठ प्लस के चुनावी लक्ष्य को आसानी से हासिल करेगी। कहा कि स्थिर सरकार ने प्रदेश को विकास के पथ पर लाया है। अबकी बहुमत मिलने पर भाजपा सरकार झारखंड को प्रगति पथ पर तेज़ गति से आगे ले जाएगी। पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा के संग जमशेदपुर महानगर भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार, प्रदेश मीडिया प्रभारी संजय जायसवाल, कोल्हान मीडिया सेंटर के प्रभारी अजय राय एवं जिला मीडिया प्रभारी अंकित आनंद मौजूद थें।