Jharkhand:गोमो में रेल पटरी पर मिला युवक का शव,हत्या की आशंका,पुलिस मामले की जांच कर रही है।

धनबाद।गोमो के हरिहरपुर रेलवे गेट के पास डाउन रेल पटरी के बीचो बीच 32 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। उसके सिर व कान के पास गंभीर जख्म हैं। उसकी पहचान हरिहरपुर सिंह टोला निवासी दर्शन सिंह के छोटे पुत्र राजेश सिंह के रूप में हुई है। शव देखकर प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

राजेश का शव मिलने की सूचना पर घर में कोहराम मच गया है। पत्नी चंचला देवी और मां मूर्ति देवी बार बार अचेत हो जा रही हैं। घर पर मुहल्ले के लोगों की भीड़ लगी है। आसपास की महिलाएं पीड़ित परिवार को ढाढ़स बंधाने में लगी हैं। पत्नी चंचला ने बताया कि उनके पति मंगलवार की शाम लगभग छह बजे घर का दरवाजा बाहर से बंद कर निकले थे। देर रात तक घर आने का इंतजार करती रही लेकिन नहीं आएं। सुबह पड़ोसी को आवाज देकर दरवाजा खुलवाया। परिवार के लोग उन्हें तलाश रहे थे। मोबाइल पर कॉल किया पर नही उठाया। कुछ ही देर में किसी ने सूचना दी कि रेल पटरी पर मृत पड़ा हुआ है।पत्नी ने पुलिस को बताया कि किसी से दुश्मनी की जानकारी नहीं है, लेकिन उनके पति हमेशा कहते थे कि मेरी जान चली जाएगी। उन्हें एक दो वर्ष की पुत्री और चार माह का पुत्र है। इधर उसकी वृद्ध मां भी यह कह कर रो रही है कि जब उनका पैर टूटा था तो यही बेटा बहुत मदद किया था। आज छोड़ कर चला गया। पिता की मौत पूर्व में ही हो चुकी है।

वहीं शव पर जख्म देखते हुए प्रथम दृष्टया हत्या मानकर जांच की जा रही है। मृतक के हाथ में मोबाइल मिला है। संभावना है कि मारने के बाद हाथ में मोबाइल रख दिया गया है। छानबीन की जा रही है।