झारखण्ड:तदाशा मिश्रा ने संभाला डीजीपी का पदभार,कहा-कमजोर वर्ग की सुरक्षा प्राथमिकता
राँची।झारखण्ड के प्रभारी डीजीपी तदाशा मिश्रा ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण कर लिया। डीजीपी का प्रभार लेने के बाद तदाशा मिश्रा ने सीएम आवास जाकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी शिष्टाचार मुलाकात की। इससे पहले पुलिस मुख्यालय में पदभार ग्रहण करने के बाद तदाशा मिश्रा ने कहा कि जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहने के साथ-साथ पुलिस को संवेदनशील रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना, अपराधों पर नियंत्रण रखना तथा समाज में शांति और विश्वास बनाए रखने, महिलाओं, बच्चों और कमजोर वर्गों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की है।उन्होंने साईबर, संगठित अपराध, नक्सलवाद की रोकथाम के लिए बेसिक/कोर पुलिसिंग पर विशेष रूप से ध्यान देने की बात कही।
1994 बैच की आईपीएस तदाशा मिश्रा संयुक्त बिहार में मधेपुरा (बिहार) एवं झारखण्ड राज्य में राँची सिटी व राँची ग्रामीण एसपी, सीआईडी, बोकारो, गिरिडीह जिले में एसपी, जैप वन व टू समादेष्टा, डीआईजी कार्मिक, स्पेशल ब्रांच आईजी, आईजी मानवाधिकार, बोकारो आईजी, एडीजी रेल, एडीजी जैप व विशेष सचिव गृह विभाग के पदों पर काम कर चुकी हैं।
शुक्रवार को तदाशा मिश्रा के पदभार ग्रहण के दौरान आईजी मनोज कौशिक, प्रभात कुमार, असीम विक्रांत मिंज, डॉ माईकलराज एस, क्रांति कुमार गड़िदेशी, सुदर्शन प्रसाद मंडल, पटेल मयूर कन्हैयालाल, डीआईजी इन्द्रजीत महथा, सुरेन्द्र कुमार झा समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों ने डीजीपी को बधाई दी।

