नेवी अफसर से 3.75 करोड़ की साइबर ठगी मामले में एक साइबर अपराधी बंगाल से गिरफ्तार

 

राँची।झारखण्ड सीआईडी साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने नेवी अफसर से 3.75 करोड़ की ठगी के आरोपी को बंगाल से गिरफ्तार किया है। निवेश के नाम पर ठगी के मामले में सीआईडी की टीम ने दीप मजूमदार को कुशमांडी, दक्षिण दिनाजपुर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे राँची लाया गया, जहां कोर्ट में पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया। नेवी अफसर ने 10 सितंबर को साइबर क्राइम थाना,राँची में कांड संख्या 109/25 दर्ज कराया था। वादी को नामी वित्तीय संस्थाओं के नाम पर बनाए गए नकली इन्वेस्टमेंट और ट्रेडिंग ऐप्स के माध्यम से फर्जी ट्रेडिंग फाइनेंस ऑफर करके ठगा गया था।

सबसे पहले पीड़ित को फायर्स सिक्योरिटीज प्राइवेट लिमिटेड नामक एक व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़ा गया, जहां आकर्षक ट्रेडिंग ऑफर भेजे जा रहे थे। इसके बाद, पीड़ित को फायर्स नामक एक फर्जी ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा गया, जिसमें विश्वास जमाने के लिए नकली मुनाफा दिखाया गया। इस जाल में फंसकर पीड़ित ने अलग-अलग बैंक खातों में लगभग 3.75 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए।

अनुसंधान के दौरान, पुलिस ने पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से दक्षिण दिनाजपुर से दीप मजूमदार को गिरफ्तार किया। अपराधी के पास से कांड से संबंधित मोबाइल, सिम कार्ड और व्हाट्सऐप चैट बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार अपराधी से जुड़े एक बंधन बैंक खाता (20100033764211) के विरुद्ध गृह मंत्रालय के नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर देशभर से कुल 17 शिकायतें दर्ज हैं। ये शिकायतें मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, झारखण्ड, तेलंगाना, दिल्ली, कर्नाटक और महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों से संबंधित हैं।

error: Content is protected !!