जामताड़ा:छात्रा से छेड़खानी के आरोप में शिक्षक को ग्रामीणों ने पीटा, 3 घंटे बंधक बनाकर पुलिस के हवाले किया…

जामताड़ा।झारखण्ड के जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय अमजोरा के सहायक अध्यापक उदय किशोर सिंह को गुरुवार को ग्रामीणों ने छात्रा के साथ छेड़खानी के आरोप में पहले जमकर पिटाई की। इसके बाद करीब तीन घंटे तक आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी शिक्षक को स्कूल के कमरे में बंद कर दिया।इसके बाद नारायणपुर थाना की पुलिस को सूचना दी गई। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को पहले शांत करने का प्रयास किया। इसके बाद दोपहर दो बजे के बाद सहायक अध्यापक को स्कूल से बाहर निकाल कर स्थानीय थाने लाया गया।

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, सहायक अध्यापक को इससे पहले भी ऐसे ही दो अलग-अलग मामलों में दाे बार चेतावनी दी गई थी। बावजूद वह अपनी हरकत से बाज नहीं आ रहे थे। लगातार सातवीं कक्षा के छात्रा के साथ अश्लील हरकत कर रहे थे और शारीरिक संबंध बनाने को दबाव दे रहे थे।इस कारण छात्रा पिछले 25 दिनों से विद्यालय नहीं जा रही थी। छात्रा से अभिभावक ने स्कूल नहीं जाने का कारण पूछा तो वह पहले फफक कर रो पड़ी फिर शिक्षक की करतूत बताई। उसने सहायक अध्यापक का आपत्तिजनक वाट्स-एप चैट भी दिखाया। इसमें कई आपत्तिजनक कमेंट भी हैं। साथ ही उसे घर आने का आफर भी आराेपी शिक्षक दे चुका है।

ग्रामीणों की मानें तो इस सहायक अध्यापक की करतूत से शिक्षक-विद्यार्थी का पवित्र रिश्ता कलंकित हुआ है। इसके विरोध में गुरुवार को शिक्षक से पूछा गया तो वह मानने को तैयार नहीं हुए। इस पर ग्रामीणों को गुस्सा फूट पड़ा। विद्यालय पहुंचे सैंकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने पहले सहायक अध्यापक की जमकर पिटाई की बाद में पुलिस को सौंपा दिया। देर रात में इस मामले में छात्रा के पिता ने नारायणपुर थाने में आवेदन दिया है। साथ ही न्याय की गुहार लगाई है।

थाना प्रभारी के अनुसार,छात्रा के पिता ने आवेदन दिया है। आरोपी शिक्षक का ग्रामीणों की चंगुल से बाहर कर थाना लाया गया है। शिक्षक का मेडिकल कराया गया।पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

इधर डीएसई विकेश कुणाल प्रजापति ने बताया कि अमजोरा उत्क्रमित मध्य विद्यालय के सहायक अध्यापक छेड़खानी आरोप में ग्रामीणों ने बंधक बना लिया था, ऐसी सूचना मिली है। इसकी जांच कर आरोपी शिक्षक पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!