मिक्सिंग प्लांट पर हमला कर गुलेल गैंग ने 300 लीटर डीजल सहित कई मशीनें लूटीं,जाँच में जुटी है पुलिस..
राँची।खलारी कोयलांचल क्षेत्र में बुधवार देर रात गुलेल गैंग ने एक बार फिर अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए दहशत फैला दी। दामोदर नदी किनारे स्थित राधेश्याम इंफ्रास्ट्रक्चर गिट्टी मिक्सिंग प्लांट पर रात करीब एक बजे 10-12 अपराधियों ने धावा बोला और जमकर उत्पात मचाया। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
सूत्रों के अनुसार, गुलेल गैंग के सदस्यों ने प्लांट में ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड खुदन महतो और सहदेव महतो की बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद प्लांट में मौजूद अन्य कर्मचारियों को बंधक बनाकर एक कमरे में बंद कर दिया। अपराधियों ने मौके का फायदा उठाते हुए प्लांट में रखे दो जेसीबी मशीनों एवं हाइवा डंपर के डीजल टंकी का ताला तोड़कर करीब 300 लीटर डीजल लूट लिया।
इसके अलावा कटर मशीन,ड्रिल मशीन,वेल्डिंग मशीन,सीसीटीवी कैमरे का सीपीयू और मॉनिटर भी अपने साथ ले गए। प्लांट पर हमला करते समय अपराधियों ने वहां खड़ी पिकअप वैन के डैशबोर्ड सहित कई हिस्सों में भी तोड़फोड़ की। घटना के बाद से प्लांट में ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों में भय का माहौल है। प्लांट संचालक की ओर से पिपरवार पुलिस को शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है और आरोपी गिरोह की पहचान के प्रयास जारी हैं। स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।

